भोपाल | 15 जनवरी 2026 : राजधानी भोपाल के ग्रामीण क्षेत्र बैरसिया में मकर संक्रांति की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक लोडिंग वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। इस हृदय विदारक हादसे में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बच्चों सहित 12 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
विदिशा से नर्मदापुरम जा रहा था परिवार
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, विदिशा जिले के सिरोंज निवासी अहिरवार परिवार के 15 सदस्य एक लोडिंग वाहन में सवार होकर मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदा स्नान के लिए नर्मदापुरम जा रहे थे। रात के समय जब इनका वाहन बैरसिया स्थित ठाकुर लाल सिंह स्कूल के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से इसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडिंग वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई लोग वाहन के मलबे में ही फंस गए।
हादसे में इन्होंने गंवाई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान लक्ष्मीबाई अहिरवार, बबली बाई, हरि बाई, दीपक अहिरवार और मुकेश अहिरवार के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में सूरज, विनीता, पुनीत, मोनिका, महक, नूरी बाई, लल्लू, प्रदीप और ज्योति शामिल हैं, जिनका उपचार बैरसिया अस्पताल में चल रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो अन्य व्यक्ति भी चोटिल हुए हैं।
प्रशासनिक अमला पहुंचा अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना पाकर बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, स्थानीय विधायक विष्णु खत्री और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चौरसिया तुरंत अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने डॉक्टरों को घायलों के समुचित इलाज और हर संभव सहायता के निर्देश दिए हैं।
तेज रफ्तार बनी काल: बैरसिया थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण लोडिंग वाहन की अत्यधिक रफ्तार को माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायलों की स्थिति सामान्य होने पर उनके विस्तृत बयान लिए जाएंगे।








