रायपुर 11 सितंबर 2026 Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। राज्य सरकार के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के बड़े भाई ढालदास साहेब ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का साथ छोड़कर आधिकारिक रूप से कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।

यह राजनीतिक घटनाक्रम पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित शासकीय निवास पर आयोजित ‘तीजा-पोरा’ के पारंपरिक उत्सव के दौरान हुआ। भूपेश बघेल ने स्वयं ढालदास साहेब को गमछा पहनाकर कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता दिलाई और पार्टी में उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान समर्थकों और मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ढालदास साहेब के कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ढालदास साहेब के आने से पार्टी को सतनामी समाज और क्षेत्र में एक नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने ढालदास साहेब को नई राजनीतिक पारी की शुरुआत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
राजनीतिक गलियारों में मंत्री के सगे भाई के विपक्षी दल में शामिल होने को एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस राजनीतिक कदम से आने वाले दिनों में स्थानीय राजनीति और सामाजिक समीकरणों पर गहरा असर पड़ेगा।







