जांजगीर-चांपा 3 मई 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। जमनीपाली से सारंगढ़ की ओर जा रही ‘राजधानी’ ट्रेवल्स की बस बिर्रा थाना क्षेत्र के करनौद के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में बस में सवार लगभग 16 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने दिखाया साहस
हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के आने से पहले ही ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
मिली जानकारी के अनुसार, बस में कुल 30 से 35 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही बिर्रा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए बम्हिनीडीह के शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, 15 से 16 लोगों को चोटें आई हैं, वहीं गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसा किस वजह से हुआ, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी को कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
।।।








