गणेशोत्सव जुलूस के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर विवाद, चाकूबाजी में 16 वर्षीय किशोर की मौत
इंदौर Crime News 16 सितंबर 2026 मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र से गणेशोत्सव के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सोमवार देर रात भगवान गणेश की मूर्ति स्थापना के लिए निकाले जा रहे जुलूस में डीजे के गानों पर नाचने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
Advt

डीजे वाहन के पास नाचने के दौरान हुई धक्का-मुक्की से शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ी कि एक सिरफिरे युवक ने दो नाबालिग दोस्तों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में सीने पर गंभीर वार लगने से 16 वर्षीय कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका नाबालिग साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल किशोर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया के अनुसार, आरोपी की पहचान कर ली गई है और वह भी संभवतः नाबालिग है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस अचानक हुई घटना से गणेशोत्सव की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है। स्थानीय निवासियों ने त्यौहारों के दौरान निकलने वाले जुलूसों में सुरक्षा बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।








