सक्ती, छत्तीसगढ़ 18 अप्रैल 2026 : 14 अप्रैल 2026 की दोपहर 2:33 बजे तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन अगले 120 सेकेंड्स के भीतर जो हुआ, उसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। सक्ती स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुआ बॉयलर विस्फोट सिर्फ एक तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की बलि चढ़ाकर उत्पादन बढ़ाने की ‘अंधी दौड़’ का परिणाम नजर आ रहा है।
Advt

मौत का तांडव: 21 घर बुझे, 16 अब भी ‘वॉरंट’ पर
इस भीषण हादसे में अब तक 21 श्रमिकों की जान जा चुकी है। हृदय विदारक पहलू यह है कि मरने वाले श्रमिक केवल छत्तीसगढ़ के नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के भी थे। ये वो लोग थे जो अपने घरों से दूर सिर्फ ‘रोजी-रोटी’ के लिए यहाँ आए थे। वर्तमान में 36 घायल हैं, जिनमें से 16 की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
तकनीकी कारण: 1-2 सेकेंड में कैसे फटा बॉयलर?
औद्योगिक सुरक्षा विभाग और FSL की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह बॉयलर फर्नेस के भीतर अत्यधिक फ्यूल का जमा होना था।
-
अचानक बढ़ा दबाव: 2028 TPH क्षमता वाले इस वाटर ट्यूब बॉयलर में दबाव इतनी तेजी से बढ़ा कि सिस्टम को ‘शटडाउन’ करने का मौका तक नहीं मिला।
-
पाइप का विस्थापन: मात्र 1 से 2 सेकेंड के भीतर प्रेशर खतरनाक स्तर पार कर गया, जिससे बॉयलर के निचले हिस्से का पाइप अपनी जगह से उखड़ गया और एक जोरदार धमाका हुआ।
क्या यह ‘मानव-निर्मित’ त्रासदी थी?
जांच के घेरे में आए ये 5 बिंदु प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं:
-
लोड का जानलेवा जंप: उत्पादन बढ़ाने के चक्कर में बॉयलर का लोड 350 मेगावाट से सीधे 590 मेगावाट तक बढ़ा दिया गया। मशीनों पर यह अचानक पड़ा बोझ बर्दाश्त से बाहर था।
-
चेतावनी की अनदेखी: पीए फैन (PA Fan) में लगातार तकनीकी खराबी के सिग्नल मिल रहे थे, लेकिन संचालन बंद करने के बजाय काम जारी रखा गया।
-
मेंटेनेंस का अभाव: मशीनों के नियमित रखरखाव में गंभीर लापरवाही बरती गई।
-
सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन: अलार्म बजने के बावजूद कर्मचारियों को वहां से सुरक्षित बाहर निकालने की कोई कोशिश नहीं की गई।
प्रशासनिक हंटर: चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत कई पर FIR
सक्ती कलेक्टर अमृत विकास टोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं, जिसकी रिपोर्ट 30 दिनों में पेश करनी होगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए डभरा थाने में मामला दर्ज किया है।
-
नामजद आरोपी: वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल और 8-10 अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है।
-
मुआवजा: राज्य केंद्र सरकार और वेदांता कंपनी की ओर से मृतकों के परिजनों को 42 लाख रुपये और घायलों को 16 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की गई है, हालांकि विपक्ष और स्थानीय लोग इसे नाकाफी बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। इनकी मांग है की मृतक परिवार को एक करोड़ और घायलों को पचास लाख रुपए दी जाए।
विशेषज्ञ राय: “बॉयलर विस्फोट अक्सर तब होते हैं जब सेंसर डेटा को नजरअंदाज किया जाता है। 350MW से 590MW का लोड चेंज बिना स्टेबिलिटी चेक के करना तकनीकी आत्महत्या के समान है।”
निष्कर्ष
मुआवजे की रकम से उन 21 परिवारों के चूल्हे तो शायद जल जाएं, लेकिन जो पिता, बेटे और पति खो गए हैं, उनकी कमी कभी पूरी नहीं होगी। यह घटना सबक है उन सभी औद्योगिक इकाइयों के लिए जो सुरक्षा के ‘रेड सिग्नल’ को मुनाफे के ‘हरे नोटों’ के नीचे दबा देते हैं।
।।।








