कोरबा 17 सितंबर 2026 :कोरबा में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CG-PSC) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आयोग पर अभ्यर्थियों के साथ खिलवाड़ करने, मूल्यांकन प्रक्रिया में भारी असमानता बरतने और इंटरव्यू के नियमों में मनमानी का आरोप लगाया है। जयसिंह अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यदि युवाओं को न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

187 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू प्रक्रिया से बाहर करने पर तीखा विरोध
पूर्व मंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2024 की पीएससी परीक्षा में कुल 265 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। नियम के मुताबिक 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए बुलाया जाना चाहिए था। इसके विपरीत आयोग ने केवल 608 अभ्यर्थियों को ही कॉल किया, जिससे 187 योग्य उम्मीदवार प्रक्रिया से बाहर हो गए।
आयोग द्वारा ‘कट-ऑफ या न्यूनतम अंक न मिलने’ के तर्क को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब चपरासी और स्वीपर के पदों के लिए बीई और एमबीए डिग्रीधारी आवेदन करते हैं, तब पीएससी में योग्य युवाओं की कमी की बात पूरी तरह निराधार है। उन्होंने आयोग को चुनौती दी कि वे सभी अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक करें।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में धांधली और असमानता
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जयसिंह अग्रवाल ने मीडिया के सामने दो अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने दिखाया कि प्रश्न क्रमांक 5 में दोनों अभ्यर्थियों ने बिल्कुल समान और सटीक उत्तर लिखे थे, लेकिन एक अभ्यर्थी को 2 अंक दिए गए जबकि दूसरे को शून्य (0) अंक दिया गया। इसके अलावा माता राजिम, घरेलू हिंसा और बौद्ध धर्म के महापरिनिर्वाण जैसे विषयों से जुड़े सवालों में भी अंकों का वितरण विसंगतिपूर्ण रहा।
कांग्रेस शासन की पारदर्शिता और भाजपा सरकार पर निशाना
पूर्व मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान व्यापम के जरिए पूरी पारदर्शिता से भर्तियां की जाती थीं और कर्मचारियों को पदोन्नति में छूट देकर नए रोजगार सृजित किए जाते थे। यदि पीएससी अभ्यर्थियों के अंक कुछ कम भी थे, तो नियमों में ढील देकर 795 अभ्यर्थियों को अवसर मिलना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार में रोजगार के नाम पर केवल विज्ञापनों का प्रदर्शन हो रहा है।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आंदोलन की चेतावनी
इस प्रेस वार्ता में रामपुर विधायक फुल सिंह राठिया, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू , कोरबा मंडल अध्यक्ष पालूराम साहू , पूर्व स्थापित श्यामसुंदर सोनी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्व मंत्री ने कहा कि पीएससी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस जल्द ही उग्र धरना-प्रदर्शन करेगी।







