रायपुर (25 अगस्त 2026):
छत्तीसगढ़ में इस साल खरीफ फसलों की बुआई का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। राज्य सरकार द्वारा तय 48.69 लाख हेक्टेयर लक्ष्य के मुकाबले 25 अगस्त तक 47.40 लाख हेक्टेयर (97 प्रतिशत) क्षेत्र में बोनी पूरी कर ली गई है। धान, मक्का, अरहर, कोदो, कुटकी और मूंगफली जैसी फसलों की बुआई का रकबा तेजी से बढ़ा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार राज्य में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और प्रमाणित बीज आसानी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में सोसायटियों और निजी क्षेत्रों में भंडारण व वितरण की सतत निगरानी की जा रही है।
खाद, बीज और कृषि ऋण का आंकड़ा:
-
बीज वितरण: 4.95 लाख क्विंटल लक्ष्य के विरुद्ध 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित (93% पूर्ति)।
-
उर्वरक वितरण: 15.55 लाख मीट्रिक टन लक्ष्य के मुकाबले 12.07 लाख मीट्रिक टन खाद वितरित (72% पूर्ति)।
-
कृषि ऋण: किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अब तक 7,778.76 करोड़ रुपये का शून्य प्रतिशत या अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया गया है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (6,449.95 करोड़) से अधिक है। इस वर्ष कुल 8,800 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य है।
मौसम की स्थिति:
प्रदेश में 25 अगस्त की सुबह तक 839.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत (810.2 मि.मी.) से 29.2 मि.मी. अधिक है।








