बिलासपुर। न्यायधानी के सिविल लाइन थाना अंतर्गत मंगला स्थित अभिषेक विहार फेस-2 कॉलोनी में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दो बड़े मकानों को निशाना बनाया है। चोरों ने एक रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर और एक बैंक कर्मचारी के घर से करीब 5 लाख रुपये से अधिक के माल पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से क्षेत्र के रहवासियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
शादी में गया था परिवार, पीछे से साफ हुआ घर
रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर शैलेश शुक्ल 19 फरवरी को परिवार सहित बलौदाबाजार एक शादी समारोह में गए थे। 21 फरवरी को वापसी पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला। चोरों ने आलमारी खंगालकर करीब 4.50 लाख रुपये के जेवर और नगदी पार कर दी। गनीमत रही कि अधिकांश कीमती जेवर बैंक लॉकर में थे, जिससे एक बड़ी क्षति टल गई।
बैंककर्मी के घर भी सेंधमारी
उसी रात चोरों ने बैंक कर्मचारी अंकित श्रीवास के घर को भी निशाना बनाया। अंकित फील्ड विजिट पर कोटा गए हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। चोरों ने बैंककर्मी के घर से लगभग 50 हजार रुपये का सामान चोरी किया है। पुलिस को उसलापुर स्टेशन मार्ग पर चोरी के खाली डिब्बे और पाउच मिले हैं, जिससे अनुमान है कि आरोपी एक्टिवा से फरार हुए हैं।
पुलिसिंग पर उठ रहे सवाल: कागजों में अटका नया थाना
कॉलोनी वासियों का आरोप है कि सिविल लाइन क्षेत्र बड़ा होने के कारण पुलिस पेट्रोलिंग प्रभावी नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार:
-
पेट्रोलिंग की कमी: पुलिस की टीम के जाते ही चोर सक्रिय हो जाते हैं।
-
लंबित प्रस्ताव: मंगला थाने की मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन राजपत्र में प्रकाशन न होने से काम रुका है।
-
चौकी का इंतजार: दो साल से पुलिस चौकी का प्रस्ताव भी अधर में लटका है।
जांच जारी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। एसएसपी ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
प्रमुख बिंदु:
-
रिटायर्ड ऑफिसर के घर 4.50 लाख की चोरी।
-
चोरों के भागने का रूट: उसलापुर स्टेशन मार्ग।
-
ढाई महीने से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बढ़ोत्तरी।
-
प्रशासन से नया थाना और पुलिस चौकी जल्द शुरू करने की मांग।








