रायपुर /धमतरी (26 सितंबर 2026) Dhamtari Rescue : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कुरुद विकासखंड के ग्राम सिरसिदा स्थित प्रसिद्ध मारुति धाम मंदिर में शुक्रवार शाम से पानी भर गया। मंदिर परिसर और आसपास के सभी रास्ते जलमग्न हो जाने के कारण वहाँ मौजूद पुजारी पानी के भारी उफान के बीच फंस गए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट किया। शनिवार सुबह SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम ने प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करते हुए बेहद सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पानी के बहाव का सटीक आकलन कर जवानों ने बोट के जरिए पुजारी तक पहुँच बनाई और उन्हें सकुशल बाहर निकालकर safe स्थान पर पहुँचाया।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी: घटना के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम प्रभावित इलाकों पर लगातार निगरानी रख रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफान पर आई नदियों, नालों, रपटों और जलभराव वाले क्षेत्रों की ओर न जाएँ तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत दल या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।







