कोरबा 4 सितंबर Yadav Samaj। सर्व यादव समाज द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर डॉ. भीमराव ओपन थिएटर खेल मैदान, घंटाघर में भव्य शोभायात्रा एवं रैली का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त यादव समाजजनों को जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा, “यादव समाज का स्नेह और आशीर्वाद मुझे सदैव प्राप्त होता रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद का ही फल है कि आज नगर एवं जिले में तेज गति से विकास कार्य किए जा रहे हैं। समाज की मांग के अनुरूप विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने का काम जारी है।”

मंत्री श्री देवांगन ने यादव समाज की मांगों को प्राथमिकता देते हुए स्वीकृत एवं पूर्ण हुए विकास कार्यों का ब्योरा साझा किया:
-
पूर्ण हो चुके कार्य: बालको शांति नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास भवन के ऊपरी तल का निर्माण (₹10 लाख), जमनीपाली में सामुदायिक भवन निर्माण (₹10 लाख) तथा शारदा विहार अमरैय्यापारा राधाकृष्ण मंदिर के ऊपरी तल का निर्माण एवं अन्य विस्तार कार्य (₹10 लाख)।
-
प्रगतिरत कार्य: वैशाली नगर मिनी स्टेडियम के पास मंच निर्माण एवं कक्ष निर्माण कार्य (₹10 लाख)।
-
शीघ्र स्वीकृत होने वाले कार्य: लाटा मेन रोड में सामुदायिक भवन निर्माण (₹20 लाख) तथा मानिकपुर यादव मोहल्ले में भवन निर्माण (₹15 लाख)।

उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वीकृति मिलते ही इन नए कार्यों को भी शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। मंत्री श्री देवांगन ने दोहराया कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करना ही उनका संकल्प है।
समारोह के दौरान कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने उपस्थित जनसमूह को जन्माष्टमी की बधाई दी और भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित मधुर भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस भव्य आयोजन में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, संरक्षक कमलेश यादव, प्रदेश महामंत्री संतोष यादव, नत्थू लाल यादव, पार्षद नरेंद्र देवांगन, विनोद यादव, महिला प्रकोष्ठ की संरक्षक श्रीमती हारबाई यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती गीता यादव, युवा प्रकोष्ठ के कोरबा जिला अध्यक्ष एवं शोभा यात्रा के संयोजक रंजू यादव, श्रीमती ममता यादव, पार्षद श्रीमती सुलोचना यादव, एल्डरमैन श्रीमती सुभद्रा यादव, अनूप यादव, ओम यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।








