हादसे रोकने अब ‘आध्यात्मिक उपचार’!
कोरबा छत्तीसगढ़ 2 दिसंबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की कोरबा जिले में स्थित खदानों में लगातार हो रहे हादसों से कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कंपनी की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजना, गेवरा खदान, में भी दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या चिंता का विषय बनी हुई है।
हादसों में कमी लाने के लिए सभी तकनीकी प्रयास जब विफल रहे, तो प्रबंधन ने अब एक अनोखा रास्ता अपनाया है। जानकारी के अनुसार, गेवरा परियोजना में मंगलवार से अगले सात दिनों के लिए एक विस्तृत धार्मिक अनुष्ठान शुरू किया गया है।
भरोसेमंद सूत्रों ने बताया कि तमाम स्तर पर चर्चा के बाद यह ‘आध्यात्मिक उपचार’ तय किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि जब तकनीकी फैक्टर स्थितियों को नियंत्रित नहीं कर पाते, तब सकारात्मक माहौल बनाने और स्थितियों को नियंत्रण में लाने के लिए कुछ गैर-तकनीकी उपायों को अमल में लाना आवश्यक हो जाता है। हालांकि, यह धार्मिक अनुष्ठान किस फंड से आयोजित किया जा रहा है, इस बारे में अधिकारी तथ्य सार्वजनिक करने से बच रहे हैं।
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह धार्मिक अनुष्ठान खदान के ऑपरेशन में सुरक्षा का ‘कवच’ बनकर दुर्घटनाओं पर लगाम लगा पाता है।








