दंतेवाड़ा 28/10/2026:दक्षिण बस्तर के बचेली और किरंदुल में मंगलवार शाम मौसम के बदलते मिजाज के बीच एक बेहद दुर्लभ और मनमोहक नजारा देखने को मिला। अर्नब चक्रवाती तूफान की आहट के बीच बैलाडीला की ऊंची पहाड़ियों के पीछे बादलों पर बिखरी गुलाबी और लाल रोशनी ने पूरे आसमान को किसी खूबसूरत पेंटिंग में तब्दील कर दिया।

सूर्यास्त के समय हुई इस आकाशीय घटना ने स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बादलों पर पड़ती लालिमा, पहाड़ियों की गहरी आकृतियों और दूर टिमटिमाती एनएमडीसी प्लांट व शहरी रोशनी के मेल ने इस दृश्य को और भी अलौकिक बना दिया। इस अद्भुत नजारे को देखकर सड़क से गुजरने वाले लोग भी कुछ पल के लिए ठहरकर प्रकृति की इस सुंदरता को निहारते नजर आए।




