बिलासपुर 28/10/2026 Food Safety :जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा करीब एक महीने पहले शहर के 9 बड़े प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच रिपोर्ट ने सनसनी फैला दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट के अनुसार, जांच के लिए भेजे गए सभी 9 सैंपल मानक स्तर पर खरे नहीं उतरे हैं और पूरी तरह फेल हो गए हैं।

बड़े ब्रांड्स और नामी प्रतिष्ठान निकले अमानक
प्रयोगशाला की रिपोर्ट में रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाले बड़े ब्रांड्स और लोकप्रिय कैफे-रेस्टोरेंट के नाम शामिल हैं:
-
मिलावटी घी: शौर्य सुपर मार्ट से लिए गए अमूल और गोवर्धन ब्रांड के घी तथा देवरीखुर्द स्थिति अपना मार्ट से लिया गया वचन ब्रांड का घी जांच में फेल पाया गया है।
-
अमानक पनीर और दही: नेशनल डेयरी, एलिमेंटो कैफे, अल-कार्ट रेस्टोरेंट, अमृतुल्य फूड और सेलेस्टी रेस्टोरेंट का पनीर मानकों पर खरा नहीं उतरा। इसके अलावा अल-कार्ट रेस्टोरेंट का दही भी फेल हुआ है।
-
किराना और रेस्टोरेंट: रिलायंस रिटेल (भाटापारा) से लिया गया लाल किला ब्रांड का पोहा व चना अमानक पाया गया। वहीं गरिमा फैमिली ढाबा की एग करी भी जांच में असफल रही।
त्योहार से पहले विभाग की कड़ी कार्रवाई जारी
रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए शहर की मिठाई दुकानों पर दबिश तेज कर दी है। विभागीय अधिकारी आर. आर. देवांगन के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खिरसागर पटेल और प्रतीक तिवारी की टीम ने कई दुकानों पर छापेमारी की।
इस दौरान बस स्टैंड स्थित सूर्या रॉयल स्वीट्स से खोवा, जूनाबिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कुंदा व बेसन लड्डू और बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें भी परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट में अमानक पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




