कोरबा, 28 अक्टूबर 2026: मिनीमाता हसदेव बांगो परियोजना, बिलासपुर के मुख्य अभियंता श्री एस. मिंज ने आज बांगो बांध का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव, भारी वर्षा और उससे उत्पन्न होने वाली किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जल संसाधन विभाग की तैयारियों का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान श्री मिंज ने बांध परिसर का बारीकी से मुआयना किया और मौके पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित आपदा से बचाव के लिए सभी सुरक्षा उपायों को दुरुस्त रखने और स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए रखने को कहा।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. भारती सहित परियोजना से जुड़े अन्य वरिष्ठ अभियंता और मैदानी अमला भी प्रमुख रूप से मौजूद रहा।




