इंदौर 19 सितंबर 2026: मध्य प्रदेश के इंदौर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। रीजनल पार्क के पास आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम स्थल पर एक जहरीला काला कोबरा देखा गया। यह सांप सीधे उस VIP डोम में जा घुसा, जिसे राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के विश्राम और वेटिंग एरिया के तौर पर तैयार किया गया है।

VIP लाउंज में हड़कंप और रेस्क्यू अभियान
सांप को मंच और VIP लाउंज की ओर जाते देख वहां काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोगों ने तुरंत दूरी बनाई और आयोजकों को सूचित किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फौरन स्नेक कैचर (सर्प मित्र) को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने सुरक्षित तरीके से कोबरा का रेस्क्यू कर उसे परिसर से बाहर निकाला
30 कड़े नियमों के तहत पुलिस की अनुमति
इस घटना के बाद आयोजन स्थल और VIP डोम के आसपास सतर्कता बढ़ा दी गई है। इंदौर पुलिस ने इस कार्यक्रम के लिए वर्मा कमीशन की सुरक्षा रिपोर्ट के आधार पर 30 से अधिक शर्तें लागू की हैं। इनमें आयोजन स्थल पर स्नेक कैचर की तैनाती और पर्याप्त मात्रा में एंटी-वेनम (सांप के जहर की दवा) रखने के स्पष्ट निर्देश भी शामिल हैं।
युवाओं के मुद्दों पर होगी चर्चा
‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत राहुल गांधी इंदौर में देशभर के छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम के ज़रिए वे पेपर लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों की धांधली और बढ़ती बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दे उठाने वाले हैं। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में ऐसे सफल आयोजन किए जा चुके हैं।








