कोरबा 24 सितंबर 2026 । राताखार बाईपास रोड पर जल संसाधन विभाग और नगर निगम की भूमि के बहुचर्चित व विवादित सीमांकन की कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। कैबिनेट मंत्री लखन देवांगन से चेंबर ऑफ कॉमर्स और प्रभावित व्यापारियों की मुलाकात तथा सीमांकन न कराने के मिले आश्वासन के बाद, दूसरे दिन की प्रस्तावित कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया।

मामले की गंभीरता और व्यापारियों के विरोध को देखते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को प्रभावित व्यापारियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बैठक संपन्न होने तक किसी भी प्रकार के सीमांकन या निर्माण योजना संबंधी कदम पर पूर्ण रोक रहेगी।
मल्टीलेवल पार्किंग और चौपाटी योजना पर व्यापारियों की आपत्ति
नगर पालिक निगम द्वारा पावर हाउस रोड नहर के पास खसरा नंबर 24 (कुल रकबा 5.52 एकड़) की भूमि पर मल्टीलेवल कार पार्किंग, फुट मार्केट, चौपाटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर का निर्माण प्रस्तावित है। इसी सिलसिले में 23 सितंबर को 22 प्रभावित व्यापारियों, निगम और जल संसाधन विभाग की मौजूदगी में सीमांकन शुरू किया गया था। हालांकि, 24 सितंबर को राजस्व टीम की अगली कार्रवाई से पहले ही विरोध को देखते हुए कलेक्टर ने इस पर रोक लगा दी, जिससे स्थानीय कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।
विकास का समर्थन, लेकिन वैकल्पिक स्थल की मांग
चेंबर ऑफ कॉमर्स ने स्पष्ट किया है कि वे शहर के विकास और सौंदर्गीकरण के विरोधी नहीं हैं। हालांकि, दशकों से दुकान चला रहे 22 व्यापारियों के ठीक सामने चौपाटी बनने से ग्राहकों की आवाजाही बाधित होगी, यातायात का दबाव बढ़ेगा और कचरा व स्वच्छता की गंभीर समस्या पैदा होगी। चेंबर ने प्रशासन से आग्रह किया है कि योजना पर पुनर्विचार करते हुए चौपाटी के लिए किसी अन्य उपयुक्त व वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाए, ताकि व्यापारिक हित और शहर की यातायात व्यवस्था दोनों सुरक्षित रह सकें।








