कोच्चि 10/11/2026 Baby Elephant Maya: केरल के कोडानाड अभयारण्य में रह रही 18 महीने की नन्ही हथिनी ‘माया’ इन दिनों अपनी जिंदगी की सबसे कठिन जंग लड़ रही है। महीनों से अपने पैरों पर खड़े होने में असमर्थ माया की सेहत लगातार गिर रही थी, जिसके बाद उसे बेहतर और विशेषज्ञ इलाज के लिए गुजरात के जामनगर स्थित ‘वंतारा’ हाथी देखभाल केंद्र स्थानांतरित किया गया है। 6 नवंबर को कोच्चि के नेडुंबास्सेरी एयरपोर्ट से एक विशेष विमान के जरिए उसे जामनगर ले जाया गया। 125 से 130 किलो वजनी इस हथिनी को विमान तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए विशेष एंबुलेंस और क्रेन की मदद ली गई। उसके साथ वन विभाग के अधिकारी, पशु चिकित्सक और उसका देखभालकर्ता भी जामनगर गए हैं।

मां के दुलार से वंचित, संघर्ष भरा रहा बचपन माया का जीवन जन्म के साथ ही दुखों से घिर गया था। 19 अप्रैल 2025 को केरल के कप्रीक्कड़ इलाके में वह नदी पार करते समय अपने झुंड से बिछड़ गई थी। नवजात अवस्था में मिली माया को मां का पहला गाढ़ा दूध भी नसीब नहीं हो पाया था। बेहद कमजोर और निर्जलित स्थिति में मिले इस बच्चे को केरल वन विभाग के कर्मचारियों और पशु चिकित्सकों ने नया जीवन दिया। कर्मचारियों के दुलार और देखभाल से माया धीरे-धीरे बड़ी हुई और अभयारण्य के लोगों से घुल-मिल गई।
जुलाई की एक घटना और बिगड़ती सेहत माया की मुश्किलें जुलाई 2026 में तब बढ़ गईं, जब खेलते समय गिरने से उसके कंधे में गंभीर चोट आ गई। शुरुआत में उपचार, पोषण और फिजियोथेरेपी दी गई, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। 24 अक्टूबर को हुई गहन चिकित्सीय जांच (एक्स-रे और ब्लड टेस्ट) में हड्डियों की गंभीर कमजोरी, कई जगह फ्रैक्चर, छाती में संक्रमण और लगातार लेटे रहने के कारण शरीर पर घाव पाए गए। अक्टूबर के अंत तक वह पूरी तरह बिस्तर पर आ गई और उसे केवल तरल भोजन ही दिया जाने लगा।
इच्छामृत्यु की सलाह से वंतारा के ‘संजीवनी’ प्रयास तक माया की दर्दनाक स्थिति और ठीक होने की कम उम्मीद को देखते हुए 29 अक्टूबर को मेडिकल बोर्ड ने उसे इच्छामृत्यु देने की सलाह दे दी थी। हालांकि, केरल वन विभाग ने हार नहीं मानी और वंतारा के विशेषज्ञों से संपर्क किया। 4 नवंबर को विख्यात हाथी विशेषज्ञ डॉ. कुशल कुंवर शर्मा सहित अन्य चिकित्सकों ने पाया कि हड्डियों की कमजोरी के पीछे कोई हार्मोनल वजह हो सकती है।
इसके बाद मेडिकल बोर्ड और मुख्य वन्यजीव संरक्षक डॉ. पी. पुगाझेंडी ने माया को जामनगर भेजने की अनुमति दी। वंतारा माया के इलाज का पूरा खर्च उठाएगा।
4 से 6 महीने चलेगा गहन उपचार जामनगर स्थित वंतारा में माया का इलाज अगले 4 से 6 महीने तक चौबीसों घंटे विशेषज्ञों की निगरानी में चलेगा। इलाज के दौरान हार्मोनल थेरेपी, हाइड्रोथेरेपी (जल चिकित्सा) और दर्द निवारक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। लंबे समय तक लेटे रहने से होने वाले शारीरिक नुकसान से बचाने के लिए विशेष उपकरणों की मदद ली जाएगी।
केरल वन विभाग ने माया की प्रगति पर नजर रखने के लिए एक निगरानी समिति भी बनाई है। यदि इलाज से माया की सेहत में पर्याप्त सुधार होता है, तो उसे वापस केरल लाया जाएगा। हालांकि डॉक्टर अभी पूरी तरह ठीक होने का पक्का दावा नहीं कर रहे हैं, लेकिन इच्छामृत्यु के मोड़ से निकलकर वंतारा पहुंचने के बाद नन्ही माया के फिर से अपने पैरों पर खड़े होने की उम्मीदें जिंदा हो गई हैं। पूरा देश इस बेज़ुबान की सलामती की दुआ कर रहा हैं।




