नई दिल्ली (09 नवंबर 2026):
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बाबरी मस्जिद को लेकर दिए गए हालिया बयान पर मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरुओं और संगठनों ने सख्त ऐतराज जताया है। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष इमाम साजिद रशीदी ने सोनिया गांधी के इस बयान पर तीखा हमला बोलते हुए इसे महज “घड़ियाली आंसू” और आगामी 2027 के चुनावों के लिए रचा गया “राजनीतिक ढोंग” करार दिया है।

16 सालों तक सत्ता में रहकर कांग्रेस ने क्या किया?
इमाम साजिद रशीदी ने कहा, “1992 से लेकर 1996 तक उनकी सरकार थी, फिर 2004 से 2014 तक उनकी सरकार थी। अगर आपके आंसू आए थे, तो आप बाबरी मस्जिद को 16 साल में बनवा सकती थीं। 16 साल में आप उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती थीं, जिन्होंने बाबरी मस्जिद को तोड़ने की साजिश की। कोर्ट ने भी कहा है कि जो लोग इस साजिश में शामिल थे, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि आप 16 साल में कार्रवाई कर सकती थीं। आप विश्व हिंदू परिषद पर प्रतिबंध लगा सकती थीं, आप आरएसएस पर बैन लगा सकती थीं और आप इन तमाम लोगों को जेल में डलवा सकती थीं। जिस तरह आपने टाडा और पोटा के नाम पर हजारों मुस्लिम बच्चों को जेल में डाला, जो आज भी हैं, उस वक्त आपके आंसू नहीं निकले। जब मेरठ, मलियाना, हाशिमपुरा कांड हुआ, उस वक्त आपके आंसू नहीं निकले। जब भागलपुर में दंगा हुआ, उस वक्त आपके आंसू नहीं निकले। मुरादाबाद में दंगा हुआ, उस वक्त आंसू नहीं निकले। कांग्रेस ने देशभर में 50,000 फसाद दिए हैं और सबका खामियाजा मुसलमानों को भुगतना पड़ा। आपने एक बार भी आंसू नहीं निकाले। ये सिर्फ 2027 के आंसू हैं। इन आंसुओं से कोई फायदा नहीं।
उन्होंने कहा कि अब भी एक मौका है। कांग्रेस बोले कि अगर हम सत्ता में आए तो बाबरी मस्जिद बनाएंगे। हम सत्ता में आए तो उन लोगों को सजा देंगे। हम सत्ता में आए तो आरएसएस पर बैन लगाएंगे। मुसलमान फिर भी माफ करने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि मुसलमान ने तो तय कर लिया है कि इनको वोट नहीं मिलेगा। अब हिंदुओं को तय करना है कि इस नकली हिंदू को वो वोट देंगे या नहीं देंगे।
‘टाडा-पोटा और दंगों के समय कहां थे आंसू?’
कांग्रेस के इतिहास और मुस्लिम तुष्टिकरण के दावों की हवा निकालते हुए इमाम रशीदी ने कई ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र किया:
-
दंगों का इतिहास: उन्होंने कहा कि मेरठ, मलियाना, हाशिमपुरा, भागलपुर और मुरादाबाद के दंगों में हजारों मुसलमानों ने अपनी जान गंवाई। कांग्रेस के शासनकाल में देशभर में लगभग 50,000 दंगे हुए, जिनका खामियाजा केवल मुस्लिम समाज को भुगतना पड़ा।
-
कड़े कानूनों का दुरुपयोग: टाडा (TADA) और पोटा (POTA) जैसे कानूनों के तहत हजारों बेगुनाह मुस्लिम युवाओं को जेलों में ठूंस दिया गया, जो आज भी न्याय का इंतजार कर रहे हैं। उस दौरान सोनिया गांधी या कांग्रेस के नेताओं की आंखों में एक भी आंसू नहीं आया।
‘मुसलमानों के जख्म इतिहास में दर्ज, अब ढोंग से फायदा नहीं’
इमाम रशीदी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस मुसलमानों की हितैषी कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुस्लिम समुदाय को जितने जख्म दिए हैं, वे इतिहास में काले अक्षरों में दर्ज हैं। अब चाहे सोनिया गांधी इमरजेंसी पर रोएं, 1984 के सिख दंगों पर अफसोस जताएं या बाबरी मस्जिद पर आंसू बहाएं, इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है क्योंकि मुस्लिम समाज ने अब कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है।
‘माफी का केवल एक ही रास्ता’
साजिद रशीदी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि यदि वे सचमुच प्रायश्चित करना चाहते हैं, तो महज बयानबाजी छोड़कर सार्वजनिक रूप से वादा करें कि:
-
सत्ता में आने पर मस्जिद का निर्माण करवाएंगे।
-
बाबरी विध्वंस के साजिशकर्ताओं और आरएसएस (RSS) व विश्व हिंदू परिषद (VHP) जैसे संगठनों पर सख्त कार्रवाई और बैन लगाएंगे।
हिंदुओं को भी दी सोचने की सलाह
राजनीतिक अवसरवादिता पर हमला बोलते हुए रशीदी ने कहा कि कांग्रेस कभी खुद को कृष्ण का भक्त बताती है तो कभी राम दरबार का रुख करती है। उन्होंने कहा, “मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि जो अपने बाप का नहीं हुआ, वो किसी का नहीं हो सकता। हिंदुओं को भी अब सोचना होगा कि जब ये मुलायम सिंह के नहीं हुए, तो आम जनता के कैसे होंगे?”
टीएमसी नेता के बयान और भेदभाव का आरोप
सोनिया गांधी के अलावा, टीएमसी (TMC) नेता के ‘अग्निपरीक्षा’ वाले बयान पर भी इमाम रशीदी ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसी की धार्मिक भावनाओं को भड़काना पूरी तरह गलत है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि बयान देने वाले चूंकि हिंदू नेता हैं, इसलिए उन पर न तो एफआईआर (FIR) होगी और न ही कोई दंडात्मक कार्रवाई। कानून का यह भेदभाव भी देश की कड़वी सच्चाई बन चुका है।




