गरियाबंद / रायपुर 09/11/2026: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली की रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। राजिम के टीला एनीकट के पास एक अनियंत्रित कार सीधे नदी में जा गिरी, जिससे कार में सवार पत्रकार समेत एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।

कार में सवार थे परिवार के चार सदस्य प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू के रूप में हुई है। मृतक शीतल साहू पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए थे और उनकी दुर्घटनाग्रस्त कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था।
रायपुर से लौट रहे थे घर बताया जा रहा है कि शीतल साहू अपने परिवार के साथ दीपावली का पर्व मनाने के बाद रायपुर से अपने घर लौट रहे थे। जब उनकी कार राजिम के टीला एनीकट के पास पहुंची, तो वह अचानक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। यह हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार किसी भी सदस्य को बचने का मौका नहीं मिला और चारों की मौके पर ही मौत हो गई। दीपावली के पावन पर्व पर हुई इस अप्रत्याशित घटना से पसौद गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही चंपारण थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य के साथ मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में छूटा और दुर्घटना की असल वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।




