भोपाल /रायपुर 06/11/2026:छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है। भोपाल में 4 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोहन यादव की जुबान ऐसी फिसली कि उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सामने ही ‘जेपी नड्डा मुर्दाबाद’ का नारा लगा दिया। हालांकि, गलती का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत नारा सुधारते हुए ‘जेपी नड्डा जिंदाबाद’ कहा।

इस वीडियो को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने इस घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा कि राहुल गांधी के सामने सबकी लाइन और लेंथ बिगड़ गई है। बघेल ने एक अन्य वीडियो भी साझा किया, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कांग्रेस को लेकर बयान देते सुनाई दे रहे हैं। इस वीडियो के जरिए भी उन्होंने भाजपा नेताओं पर तंज कसा।
अजय चंद्राकर ने भूपेश बघेल के बयान पर किया पलटवार
भूपेश बघेल के बयान के बाद भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस पार्टी की गाड़ी की चेसिस ही बैंड हो, वह दूसरों की लाइन और लेंथ बिगड़ने की बात कर रही है। अजय चंद्राकर ने आगे कहा कि कांग्रेस की हालत ऐसी है कि अब मरम्मत कराने से भी उसकी चेसिस ठीक नहीं हो सकती। उनके मुताबिक, जनता द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए पार्टी के नेता भाजपा नेताओं के वीडियो पर ध्यान देते रहते हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर सियासी चर्चा
मोहन यादव के नारे वाले वीडियो और भूपेश बघेल की टिप्पणी के बाद भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक तरफ कांग्रेस इस वीडियो के जरिए भाजपा पर निशाना साध रही है, तो दूसरी तरफ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। फिलहाल दोनों दलों के नेताओं के बयान और सोशल मीडिया पोस्ट राजनीतिक चर्चा का विषय बने हुए हैं।



