रायपुर 06/11/2026 : 1छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल मुख्यालय में हाल ही में विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण सहित मुख्यालय और विभिन्न प्रक्षेत्रों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अटल विहार योजना, प्रधानमंत्री सह मुख्यमंत्री आवास योजना, रिडेवलपमेंट योजना और वन टाइम सेटलमेंट (OTS-2) जैसी प्रमुख योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

77 प्रतिशत संपत्तियों का सफल विक्रय और 888 करोड़ की बुकिंग लाइव
बैठक में जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की कुल उपलब्ध संपत्तियों में से अब तक लगभग 77 प्रतिशत संपत्तियों का विक्रय किया जा चुका है। वर्तमान में मंडल की 888 करोड़ रुपये की बुकिंग लाइव चल रही है। इसके साथ ही, शहरी क्षेत्रों में परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग के लिए 10 रिडेवलपमेंट योजनाओं पर काम तेजी से चल रहा है, जिनमें से 5 योजनाओं के टेंडर जारी किए जा चुके हैं और शेष 5 को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिल गई है।
दुर्ग और बिलासपुर प्रक्षेत्रों का शानदार प्रदर्शन
वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 के तहत अब तक करीब 65 प्रतिशत बुकिंग दर्ज की गई है। इसमें दुर्ग और बिलासपुर प्रक्षेत्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 80 प्रतिशत से अधिक बुकिंग का लक्ष्य हासिल किया है, जिसकी मंडल अध्यक्ष ने सराहना की। वहीं, अन्य प्रक्षेत्रों को भी बिक्री और बुकिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
नई आवासीय योजनाओं के लिए खास निर्देश
-
ड डिपार्टमेंटल स्टोर की अनिवार्यता: भविष्य में बनने वाली सभी नई आवासीय योजनाओं में दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लिए डिपार्टमेंटल स्टोर हेतु अनिवार्य रूप से स्थान आरक्षित किया जाएगा।
-
वृक्षारोपण अभियान: ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हर कॉलोनी में बड़े पैमाने पर पौधरोपण करने पर जोर दिया गया है।
-
निर्माण गुणवत्ता और सख्ती: मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर अनुबंध निरस्त करने और ब्लैकलिस्ट करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अंत में, अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए और सभी कर्मचारियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।




