दुर्ग (छत्तीसगढ़) 24 सितंबर 2026Jewelry Shop Attack । शहर के शांत और पॉश माने जाने वाले पद्मनाभपुर इलाके में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नकाबपोश सिरफिरे ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान के मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी चांदी की चेन गिरवी रखने के बहाने दुकान में घुसा था। दुकानदार द्वारा मना करने पर उसने ताबड़तोड़ चाकू चला दिए और वारदात को अंजाम देकर मौके से रफूचक्कर हो गया। घायल व्यापारी को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।

चांदी की चेन का झांसा देकर दुकान में दाखिल हुआ आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर की है जब पद्मनाभपुर स्थित ज्वेलरी शॉप में रोजाना की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक चेहरे पर मास्क लगाए दुकान के अंदर दाखिल हुआ। उसने अपनी जेब से एक चांदी की चेन निकाली और दुकान संचालक से उसे गिरवी रखकर पैसे देने को कहा। जब दुकानदार ने चेन गिरवी रखने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी बहस करने लगा। बहस देखते ही देखते कहासुनी में बदल गई और आरोपी ने अचानक अपनी जेब से धारदार चाकू निकालकर व्यापारी पर हमला बोल दिया।
चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें, अस्पताल में चल रहा इलाज
हमलावर ने व्यापारी पर एक के बाद एक कई वार किए। इस अचानक हुए हमले में व्यापारी के चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म आए हैं। खून से लथपथ व्यापारी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल व्यापारी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस खंगाल रही फुटेज
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने क्राइम सीन से साक्ष्य जुटाए हैं और दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज में मास्क पहने आरोपी की हरकतें और वारदात का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस अब दुकान के आसपास और मुख्य रास्तों पर लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावर के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
पुलिस का दावा: जल्द सलाखों के पीछे होगा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावर अकेला था और चेहरे पर मास्क पहने हुए था। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की शिनाख्त और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान लगभग तय की जा रही है और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के पीछे की असली वजह आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगी।








