कोरबा छत्तीसगढ़ 2 फरवरी 2026। औद्योगिक नगरी कोरबा के पं. रविशंकर शुक्ल नगर में आध्यात्म की अविरल धारा बहने वाली है। स्थानीय श्री कपिलेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में जन-कल्याण एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार हेतु रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कपिलेश्वर नाथ महिला मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित यह अनुष्ठान 2 फरवरी से 10 फरवरी 2026 तक चलेगा।
अयोध्या के संत श्री हनुमान दास जी करेंगे कथा वाचन
इस नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में अयोध्या से पधारे सुप्रसिद्ध संत पं. श्री हनुमान दास जी महाराज अपने मुखारविंद से शिव महापुराण की महिमा का बखान करेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक संस्कारों का बीजारोपण करना और लोगों में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करना है।
आज निकलेगी भव्य कलश यात्रा
कार्यक्रम का शुभारंभ आज, 2 फरवरी को प्रातः 11 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा कपिलेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर साडा शिव मंदिर पहुंचेगी, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल भरकर श्रद्धालु पुनः कथा स्थल तक वापस आएंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा पर एक नज़र:
02 फरवरी: भव्य कलश यात्रा (प्रातः 11 बजे)।
03 से 09 फरवरी: प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से वेदी मंडप पूजन एवं यज्ञाहुति, दोपहर 3 बजे से कथा प्रवचन।
10 फरवरी: पूर्णाहुति, सहस्रधारा और दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारा (महाप्रसाद)।
श्रद्धालुओं से अपील: आयोजन समिति की संरक्षिका श्रीमती सुधा झा ने कोरबा की धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महादेव की आराधना के इस पावन अवसर का लाभ उठाएं।









