Home » Uncategorized » शिकारियों के निशाने पर बेजुबान: लाफा के जंगल में फंदे में फंसा तेंदुआ, डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपी गिरफ्तार

शिकारियों के निशाने पर बेजुबान: लाफा के जंगल में फंदे में फंसा तेंदुआ, डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपी गिरफ्तार

Share:

कोरबा/पाली: कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत पाली परिक्षेत्र से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। यहाँ के लाफा परिसर के घने जंगलों में शिकारियों द्वारा बिछाए गए लोहे के फंदे में एक तेंदुआ फंस गया। हालांकि, समय रहते सूचना मिलने और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से तेंदुए को सुरक्षित बचा लिया गया है। इस मामले में खोजी कुत्ते (स्निफर डॉग) की मदद से आरोपी शिकारी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

सूचना मिलते ही आधी रात को रेस्क्यू ऑपरेशन

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 09 फरवरी की शाम लगभग 07:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि लाफा परिसर के कक्ष क्रमांक पी. 134 में सिंह द्वार के पास एक तेंदुआ फंदे में फंसा हुआ है। मामला गंभीर देखते हुए वनमण्डलाधिकारी (DFO) कटघोरा, कुमार निशांत ने तत्काल कानन पेंडारी मिनी जू की रेस्क्यू टीम से संपर्क किया। डॉ. चंदन के नेतृत्व में आई टीम और पाली वन स्टाफ ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया। शुरुआती इलाज के बाद तेंदुए को पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर वापस उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

स्निफर डॉग ने खोला शिकारी का राज

रेस्क्यू के बाद विभाग ने शिकारी की तलाश शुरू की। इसके लिए स्निफर डॉग की मदद ली गई, जो घटनास्थल से सुराग सूंघते हुए सीधे पास के गांव नगोईभांठा पहुंच गया। डॉग की निशानदेही पर विजय कुमार (37 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसने जंगली सूअर के लिए फंदा लगाया था, जिसमें अनजाने में तेंदुआ फंस गया।

जेल की सलाखों के पीछे आरोपी

वन विभाग ने आरोपी विजय कुमार के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पाली के आदेश पर आरोपी को उप जेल कटघोरा दाखिल करा दिया गया है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस पूरे अभियान में वनमण्डलाधिकारी कुमार निशांत, डॉ. चंदन, एसडीओ हितेश कुमार ठाकुर, रेंजर योगेश्वर प्रसाद बंजारे, अजय कुमार कौशिक, सहस दास महंत, और वन स्टाफ के बाबूलाल उरावं, दीपक पटेल, सुरेश सिंह, राजेश धिरही सहित वन प्रबंधन समिति के सदस्यों ने सराहनीय कार्य किया।

Leave a Comment