Home » कोरबा » भाजपा नेता अक्षय गर्ग हत्याकांड का पर्दाफाश: राजनीतिक रंजिश में हुई जघन्य हत्या, मुख्य साजिशकर्ता समेत हमलावर पुलिस की गिरफ्त में

भाजपा नेता अक्षय गर्ग हत्याकांड का पर्दाफाश: राजनीतिक रंजिश में हुई जघन्य हत्या, मुख्य साजिशकर्ता समेत हमलावर पुलिस की गिरफ्त में

Share:

 

कोरबा/कटघोरा: जनपद सदस्य और वरिष्ठ भाजपा नेता अक्षय गर्ग की धारदार हथियारों से की गई नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और एसपी सिद्धार्थ तिवारी की कड़ी घेराबंदी के बाद इस हत्याकांड की परतें लगभग खुल चुकी हैं। पुलिस की जांच अब ‘राजनीतिक रंजिश’ के अहम मोड़ पर आकर टिक गई है।

जटगा चौकी में एसपी का डेरा, टीम को मिले अहम सुराग

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं मोर्चा संभाला और कटघोरा के जटगा पुलिस सहायता केंद्र में कैंप लगाकर जांच की कमान संभाली। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला के घटनास्थल के मुआयने के बाद पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर तेजी से काम किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विशेष टीम को कुछ ऐसे पुख्ता सबूत हाथ लगे हैं, जिससे हत्या के पीछे छिपी साजिश का पूरा खाका साफ हो गया है।

5 आरोपियों की संलिप्तता: मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता हिरासत में

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक वारदात में कुल 5 लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है।

मुख्य हमलावर गिरफ्तार:  सूत्रों के मिली जानकारी के अनुसार अक्षय गर्ग पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।

साजिशकर्ता भी शिकंजे में:  जानकारी के अनुसार हत्या की पूरी पटकथा लिखने वाला मुख्य साजिशकर्ता भी हिरासत में ले लिया गया है।

फरार आरोपियों की तलाश: वारदात के समय वाहन में मौजूद तीन अन्य आरोपी, जिन्होंने चाकू से वार किया था, फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

वाहन बरामद: पुलिस ने उस वाहन को भी बरामद कर लिया है जिसका उपयोग हत्या में किया गया था। बताया जा रहा है कि यह वाहन मुख्य साजिशकर्ता ने हाल ही में एक ग्रामीण से खरीदा था।

हालांकि,पुलिस के अधिकृत खुलासे के पूर्व कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

तनावपूर्ण स्थिति: प्रशासन अलर्ट पर

इस हत्याकांड के बाद पूरे जिले में आक्रोश का माहौल है। हालांकि पुलिस के आधिकारिक खुलासे का अभी इंतजार है, लेकिन प्राथमिक जांच इसे पूरी तरह राजनीतिक रंजिश का मामला बता रही है। क्षेत्र के बिगड़ते हालातों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है।

आज होगा अंतिम संस्कार

दिवंगत भाजपा नेता अक्षय गर्ग का अंतिम संस्कार बुधवार प्रातः 10 बजे कटघोरा के मलदा घाट मुक्तिधाम में किया जाएगा। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों और जनप्रतिनिधियों के जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।

Leave a Comment