कोरबा 14 मार्च । ऊर्जाधानी में पुलिस का इकबाल खत्म होता नजर आ रहा है। शहर में सक्रिय शातिर चोर गिरोह ने खाकी को सीधी चुनौती देते हुए एक ही रात में पांच अलग-अलग मकानों को अपना निशाना बनाया है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक पॉश कॉलोनी और एक ही बस्ती के चार मकानों के ताले चटकाकर सनसनी फैला दी। फिलहाल चोरी गए माल का सटीक आकलन नहीं हो सका है, जिसका खुलासा गृहस्वामियों के लौटने के बाद ही होगा।

पहली वारदात: पॉश इलाके में धाबा, अफसर की पत्नी गई थी बाहर चोरी की पहली बड़ी वारदात मानिकपुर चौकी अंतर्गत रविशंकर शुक्ल नगर में हुई। यहां आवास क्रमांक LIG 2/13 में रहने वाली मथुरा चंद्रा (दिवंगत आयुर्वेद अफसर की पत्नी) अपनी छोटी बेटी के पास भोपाल गई हुई थीं। घर की जिम्मेदारी नौकरानी के भरोसे थी। गुरुवार सुबह जब नौकरानी पहुंची, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। चोर बाउंड्रीवॉल फांदकर भीतर घुसे और इत्मीनान से कमरों की तलाशी ली।
डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी के रडार पर संदिग्ध घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। खोजी कुत्ता ‘बाघा’ मकान के आसपास ही घूमता रहा, जिससे पुलिस को अंदेशा है कि चोर किसी वाहन से आए थे। वहीं, पास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध नजर आए हैं, जो वारदात से पहले इलाके की रेकी कर रहे थे। पुलिस इन तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त में जुटी है।
दूसरी वारदात: सतनाम नगर में चार घरों में ‘क्लीन स्वीप’ इधर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में चोरों ने और भी आक्रामक तेवर दिखाए। यहां एक ही रात में चार सूने मकानों के ताले तोड़ दिए गए। इन घरों के परिवार भी किसी काम से बाहर गए हुए थे। चोरों ने मकानों के पिछले हिस्से से प्रवेश किया और मुख्य द्वार के ताले कटर या भारी औजार से तोड़ डाले। खबर लिखे जाने तक केवल एक ही परिवार ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जबकि बाकी तीन परिवारों के लौटने का इंतजार किया जा रहा है।
महीने भर से बढ़ी वारदातें, दहशत में शहरवासी गौरतलब है कि बीते एक माह से कोरबा शहर में चोरी, उठाईगिरी और सेंधमारी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। दुकान, मकान और सरकारी दफ्तरों तक को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं। पुलिस का गश्त तंत्र पूरी तरह फेल नजर आ रहा है, जिसका फायदा उठाकर बाहरी गिरोह शहर में डेरा डाले हुए हैं। फिलहाल मानिकपुर और सिविल लाइन पुलिस आरोपियों की पतासाजी का दावा कर रही है।
।।।








