कोरबा, 23 अक्टूबर: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे प्रकरण के संबंध में जल्द ही एक विस्तृत खुलासे किए जाएंगे।

सूत्र द्वारा बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ अमित चौहान पिता बाबूलाल 42 वर्ष ने दो शादियां की है। वह सेक्टर-5 बालको नगर का निवासी है जहां उसकी पहली पत्नी रहती है। उसने रजगामार चौकी क्षेत्र के रावणभाठा मोहल्ले में एक दूसरी पत्नी को भी रखा है। वह दूसरी पत्नी से मिलने अक्सर आया करता था। घटना दिनांक को भी वह अपनी दूसरी पत्नी के पास आया हुआ था। रास्ते में मासूम को देख उसकी नीयत बिगड़ी और उसने नीचता को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।
क्या था पूरा मामला:
यह सनसनीखेज मामला तूल पकड़ता जा रहा था, क्योंकि 19 अक्टूबर को घर के पास की एक दुकान से सामान लेने निकली करीब 7 साल की मासूम बच्ची अचानक रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। परिजनों की तलाश और पुलिस की खोजबीन के बीच, घटना के तीन दिन बाद बच्ची का शव घर के पास ही एक पेड़ के समीप बरामद हुआ था।
इस हृदयविदारक और दर्दनाक घटना के सामने आने के बाद से ही पूरे इलाके में गहरा शोक, डर और भारी आक्रोश का माहौल व्याप्त था। सतनामी समाज और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना समेत कई सामाजिक संगठनों ने पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय और निष्पक्ष जांच की पुरजोर मांग उठाई थी। अब आरोपी के पुलिस हिरासत में आने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि मामले से जुड़े सभी रहस्यों से जल्द पर्दा उठेगा और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।




