आगरा 23 अक्टूबर 2026 : उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान कई जगहों पर भारी हंगामा और बवाल देखने को मिला। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल मीडिया के सामने ही रो पड़े। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर सत्ताधारी दल (भाजपा) की मदद करने और उन्हें व उनके समर्थकों को प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया।

प्रेस वार्ता के दौरान सपा प्रत्याशी ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव में व्यापक स्तर पर धांधली और बूथ कैप्चरिंग हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारियों के इशारे पर उनके प्रबंधकों और समर्थकों को लगातार परेशान किया जा रहा है और डराया-धमकाया जा रहा है।
“मैं पाकिस्तान से आया आतंकवादी नहीं”
आकाश अग्रवाल ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनके समर्थकों और प्रबंधकों को 12 जिलों में जहां चाहा, वहां उठाया गया। उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा महसूस होने लगा है कि मैं पाकिस्तान से आया हुआ कोई आतंकवादी हूं। यदि सरकार पहले ही बता देती कि हमारे लोगों के साथ इस तरह की ज्यादती की जाएगी, तो हम चुनाव ही नहीं लड़ते।” उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें फर्जी मामलों में भी फंसाया जा सकता है।
धर्म परिवर्तन की चेतावनी
प्रशासन और व्यवस्था से क्षुब्ध होकर सपा प्रत्याशी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि वह सनातन धर्म छोड़कर अगले महीने लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन कर सकते हैं। हालांकि, पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने यह भी कहा कि वह बौद्ध धर्म अपनाने या गौतम बुद्ध के मार्ग पर चलने के बारे में भी अपने परिवार और साथियों के साथ विचार कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद सिर्फ इतना है कि सरकार तक यह संदेश पहुंचे कि उनके द्वारा की जा रही कार्रवाई पूरी तरह गलत है।



