कोरबा। कोरबा मुख्य मार्ग से मड़वा रानी बाईपास की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार (क्रमांक CG 11 BR 2946) के चालक ने अचानक अपना संतुलन खो दिया। अनियंत्रित कार ने रास्ते से गुजर रहे कई पैदल यात्रियों के साथ-साथ दोपहिया और चार पहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

रेलवे फाटक बंद होने से पकड़ाया आरोपी
हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, मड़वा रानी रेलवे फाटक बंद होने के कारण कार वहां फंस गई। घटना को देखकर पीछा कर रहे आक्रोशित लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी पिटाई कर दी। लोगों ने कार में भी तोड़फोड़ की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक शराब के अत्यधिक नशे में धुत था।
पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर आरोपी को लिया हिरासत में
घटना के समय मड़वा रानी क्षेत्र में गश्त कर रहे उरगा थाना के पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को उग्र भीड़ के बीच से सुरक्षित निकाला और वाहन सहित थाने ले आई।
मासूम बच्ची समेत कई लोग घायल
इस दर्दनाक हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घायलों में प्रमुख रूप से शामिल हैं:
-
हंसिका (7 माह, पिता: डॉ. रमेश कुमार)
-
राजेश्वरी कश्यप (23 वर्ष, पिता: लक्ष्मण)
-
संपति (23 वर्ष, पति: रमेश)
-
डॉ. रमेश कुमार एवं अन्य
पुलिस की वैधानिक कार्रवाई
उरगा थाना पुलिस ने घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शराब की पुष्टि के लिए आरोपी का डॉक्टरी मुलाहिज़ा (मेडिकल टेस्ट) कराया जा रहा है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है।




