रायपुर 24/10/2026: भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर की सुबह दो दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुँच रही हैं। उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। पार्टी संगठन ने माना विमानतल से लेकर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक उनके स्वागत के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियाँ की हैं।

5 हजार कार्यकर्ताओं का लक्ष्य और 1,000 बाइकों की रैली
संगठन ने एयरपोर्ट पर 5,000 से अधिक कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा है, जिसकी जिम्मेदारी रायपुर शहर के 20 मंडलों को सौंपी गई है। स्वागत को खास बनाने के लिए लगभग 1,000 भाजपा कार्यकर्ता एक विशाल बाइक रैली निकालेंगे, जो स्मृति ईरानी के काफिले के आगे-आगे माना एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक चलेगी। मार्ग में जगह-जगह उनका पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
होर्डिंग्स पर पूरी तरह रोक, सादगी का राजनीतिक संदेश
इस दौरे की सबसे मुख्य बात स्मृति ईरानी के कड़े निर्देश हैं, जिसके तहत शहर में स्वागत के लिए किसी भी प्रकार के होर्डिंग्स लगाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी बैठक में इस निर्णय की पुष्टि की है। होर्डिंग्स के बजाय एयरपोर्ट से पार्टी मुख्यालय तक के प्रमुख मार्गों को केवल भाजपा के झंडों से सजाया जाएगा। सादगी और अनुशासन का यह कदम एक नया राजनीतिक संदेश दे रहा है।
दौरे के राजनीतिक मायने
छत्तीसगढ़ भाजपा को लगभग आठ महीने के इंतजार के बाद स्थायी प्रदेश प्रभारी मिला है। इससे पहले यह जिम्मेदारी नितिन नवीन संभाल रहे थे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान स्मृति ईरानी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगी, जिसमें राज्य में आगामी रणनीतियों और संगठनात्मक मजबूती पर मंथन किया जाएगा।
🔴



