बीजापुर, 28 नवंबर। जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया माओवादी डम्प बरामद किया गया है। इस डम्प से सुरक्षा बलों ने 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है।

कैसे चला तलाशी अभियान
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रावती नदी के पास के जंगल में माओवादियों द्वारा डम्प छिपाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी (DRG), थाना भैरमगढ़ और बीडीएस (BDS) की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया।
स्टील के डिब्बे में मिला सोना और नकदी
भैरमगढ़ थाने से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर चिन्हित किए गए स्थान पर तलाशी के दौरान बीडीएस की टीम को जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा मिला। जब इसे बाहर निकालकर जांच की गई, तो उसमें 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट रखे हुए पाए गए। इन बिस्किटों का कुल वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम है।
इसके साथ ही मौके से टेप से लिपटे पैकेट भी बरामद किए गए, जिनमें 500-500 रुपये के नोटों के रूप में 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद रखे थे। सुरक्षा बलों ने पूरी सामग्री को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




