Latest News
परसाभाठा फोरलेन चौड़ीकरण के विरोध में सड़कों पर उतरे रहवासी और व्यापारी; पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर आशियाना व रोजगार बचाने की लगाई गुहार परिसीमन पर सियासी संग्राम: राहुल गांधी ने 850 सीटों के प्रस्ताव पर उठाए सवाल, मोदी-शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त पर साधा निशाना बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: इंद्रावती के जंगल से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपये नकद बरामद छत्तीसगढ़ पावर कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 3 दिसंबर तक करें आवेदन कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते देने वाले 3 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार, लाखों के लेन-देन का खुलासा एसबीआई बाल्को शाखा में 93.60 लाख रुपये के गबन मामले में पूर्व मुख्य प्रबंधक गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर
Home » बस्तर » बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: इंद्रावती के जंगल से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपये नकद बरामद

बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: इंद्रावती के जंगल से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपये नकद बरामद

Share:

बीजापुर, 28 नवंबर। जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया माओवादी डम्प बरामद किया गया है। इस डम्प से सुरक्षा बलों ने 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है।

कैसे चला तलाशी अभियान

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रावती नदी के पास के जंगल में माओवादियों द्वारा डम्प छिपाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी (DRG), थाना भैरमगढ़ और बीडीएस (BDS) की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया।

स्टील के डिब्बे में मिला सोना और नकदी

भैरमगढ़ थाने से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर चिन्हित किए गए स्थान पर तलाशी के दौरान बीडीएस की टीम को जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा मिला। जब इसे बाहर निकालकर जांच की गई, तो उसमें 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट रखे हुए पाए गए। इन बिस्किटों का कुल वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम है।

इसके साथ ही मौके से टेप से लिपटे पैकेट भी बरामद किए गए, जिनमें 500-500 रुपये के नोटों के रूप में 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद रखे थे। सुरक्षा बलों ने पूरी सामग्री को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।