रायपुर 28/11/2026 Chhattisgarh Power Recruitment :छत्तीसगढ़ की तीनों पावर कंपनियों में विभिन्न श्रेणियों के कुल 1,501 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 3 दिसंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर तय की गई थी।

पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे अंतिम समय में होने वाली भीड़ और संभावित तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए समय से पहले आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें। इस भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और अब तक 1.5 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन, ट्रांसमिशन और जनरेशन कंपनी में कुल 38 तरह के पदों पर भर्तियां की जानी हैं। कुल 1,501 पदों में द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। भर्ती से जुड़ा विस्तृत विज्ञापन आधिकारिक वेबसाइट cspc.co.in पर जारी किया गया है। इस भर्ती में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों श्रेणियों के पद शामिल हैं, जिनमें सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता जैसे पदों के साथ-साथ अन्य पदों के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं। प्रबंधन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लें।
आवेदनों के रुझान के अनुसार डेटा एंट्री ऑपरेटर के पदों के लिए अभ्यर्थियों के बीच सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है। तीनों पावर कंपनियों में डेटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों के मुकाबले अब तक करीब 81 हजार आवेदन आ चुके हैं। इस तरह इस पद की प्रत्येक सीट पर औसतन 133 से ज्यादा दावेदार हैं। यह आंकड़ा प्रदेश में सरकारी नौकरी को लेकर युवाओं के बढ़ते रुझान को दर्शाता है, वहीं अन्य पदों पर भी आवेदकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
कंपनी प्रबंधन के मुताबिक, सभी 38 प्रकार के पदों पर चयन के लिए कंप्यूटर आधारित बहुविकल्पीय परीक्षा (सीबीटी) आयोजित की जाएगी। सीबीटी में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची बनेगी। डेटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए मेरिट सूची में आने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण में टाइपिंग टेस्ट देना होगा, जबकि स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 के पदों के लिए अलग से दक्षता परीक्षा ली जाएगी। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया से जुड़े सभी नियम और दिशा-निर्देश आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं, इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले पूरी नियमावली अवश्य पढ़ लेनी चाहिए।




