रायपुर, 28 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यस्थल सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य के श्रम विभाग ने ‘छत्तीसगढ़ कारखाना (सुरक्षा संपरीक्षा) नियम, 2026’ का प्रारूप जारी किया है। 26 नवंबर 2026 को राजपत्र में प्रकाशित इस मसौदे के तहत बड़े कारखानों, खतरनाक रासायनिक इकाइयों और खतरनाक विनिर्माण प्रक्रियाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों में नियमित सुरक्षा संपरीक्षा (सेफ्टी ऑडिट) कराने की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है।

यह प्रारूप उपजीविकाजन्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यदशाएं संहिता, 2020 की धारा 135(1) के तहत तैयार किया गया है। धारा 137(क) के अनुसार प्रकाशन की तिथि से 45 दिनों के भीतर प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विचार के बाद ही अंतिम अधिसूचना जारी कर इसे लागू किया जाएगा।
किन प्रतिष्ठानों पर लागू होंगे नियम
प्रस्तावित नियमों के दायरे में प्रमुख रूप से ये इकाइयां आएंगी:
-
MAH इकाइयां: खतरनाक रसायनों के विनिर्माण, भंडारण और आयात नियम, 1989 के अंतर्गत आने वाली बड़ी दुर्घटना की आशंका वाली खतरनाक इकाइयां।
-
खतरनाक प्रक्रिया वाले कारखाने: संहिता की प्रथम अनुसूची में शामिल खतरनाक प्रक्रियाओं से जुड़े ऐसे कारखाने, जिन्हें 100 से अधिक श्रमिकों को नियोजित करने की अनुज्ञप्ति प्राप्त है।
-
अन्य बड़े कारखाने: ऐसे कारखाने जिन्हें 250 से अधिक श्रमिकों को नियोजित करने की अनुज्ञप्ति प्राप्त है।
-
अधिसूचित इकाइयां: राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर अधिसूचित अन्य कारखाने या श्रेणियां।
ऑडिट की समय-सीमा और अनुपालन प्रक्रिया
नियम 3 के मुताबिक कारखाने के सुरक्षा, इंजीनियरिंग, रखरखाव, परियोजना या उत्पादन विभाग के कर्मचारियों द्वारा वर्ष में एक बार आंतरिक संपरीक्षा की जाएगी, हालांकि जिस वर्ष बाह्य संपरीक्षा होगी, उस वर्ष आंतरिक जांच की अनिवार्यता नहीं रहेगी। मान्यता प्राप्त सुरक्षा संपरीक्षक से बाह्य सुरक्षा ऑडिट प्रत्येक दो वर्ष में कम से कम एक बार कराना प्रस्तावित है। विनिर्माण प्रक्रिया में पूर्ण या आंशिक बदलाव होने पर एक माह के भीतर बाह्य संपरीक्षा करानी होगी।
नियम 7 के तहत संपरीक्षा शुरू होने से कम से कम 7 दिन पहले कारखाने के अधिभोगी और सुरक्षा संपरीक्षक को औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा निदेशालय के संबंधित क्षेत्राधिकार कार्यालय को सूचना देनी होगी। ऑडिट की न्यूनतम अवधि 1 से 4 दिन तक तय की गई है, जबकि अधिकतम अवधि किसी भी स्थिति में 15 दिन से अधिक नहीं होगी। अत्यधिक खतरनाक कारखानों और 500 से अधिक श्रमिकों वाले खतरनाक प्रक्रिया कारखानों की संपरीक्षा केवल मान्यता प्राप्त संस्थान से कराने का प्रावधान है।
ऑडिट भारतीय मानक IS 14489:2018 के नवीनतम संशोधन के अनुसार होगा। संपरीक्षा पूरी होने के एक माह के भीतर रिपोर्ट अधिभोगी को देनी होगी और तत्काल दुर्घटना के खतरे वाली स्थिति मिलने पर तुरंत लिखित सूचना देकर सुधारात्मक कदम उठाने होंगे। नियम 10 के तहत रिपोर्ट मिलने के 30 दिनों के भीतर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन मुख्य निरीक्षक-सह-सुविधाप्रदाता और क्षेत्राधिकार निरीक्षक-सह-सुविधाप्रदाता को भेजना होगा। इसके बाद रिपोर्ट जमा होने के तीन माह पूरे होने के एक माह के भीतर सत्यापन दौरा कर अनुसूची-तीन के प्रारूप में सत्यापन प्रतिवेदन जमा करना होगा। मानकों के अनुरूप ऑडिट न होने पर 30 दिनों के भीतर पुनः संपरीक्षा कराने का निर्देश दिया जा सकेगा।
ऑडिटर की योग्यता, शुल्क और हितों का टकराव
व्यक्तिगत सुरक्षा संपरीक्षक बनने के लिए केमिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल या प्रोडक्शन इंजीनियरिंग डिग्री के साथ संबंधित क्षेत्र में कम से कम 10 वर्ष का पर्यवेक्षी या उच्च पद का अनुभव आवश्यक होगा। संबंधित इंजीनियरिंग डिप्लोमा या रसायन विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री के साथ कम से कम 15 वर्ष का अनुभव अथवा इंजीनियरिंग डिग्री के साथ सरकारी या मान्यता प्राप्त संस्थान में सहायक निदेशक या उच्च पद पर 15 वर्ष का अनुभव भी मान्य होगा। संस्था के लिए निर्धारित योग्यता वाले कम से कम तीन कर्मियों का होना जरूरी है, वहीं DGOSSH, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित संबंधित सरकारी संगठन भी संपरीक्षक माने जाएंगे।
आवेदन और नवीनीकरण के लिए व्यक्तिगत संपरीक्षक का शुल्क ₹25,000 और संस्था का शुल्क ₹50,000 निर्धारित किया गया है। इलेक्ट्रॉनिक आवेदन पर मुख्य निरीक्षक-सह-सुविधाप्रदाता 60 दिनों के भीतर निर्णय लेंगे। मान्यता प्रमाणपत्र अधिकतम 2 वर्ष या संपरीक्षक की 62 वर्ष आयु (जो पहले हो) तक वैध रहेगा, जबकि आवेदन व मान्यता की अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष है और नवीनीकरण के लिए समाप्ति से कम से कम 3 माह पहले आवेदन करना होगा।
हितों के टकराव को रोकने के लिए संपरीक्षक अपने या परिवार/रिश्तेदारों के हित वाले कारखाने अथवा संयंत्र, मशीनरी, कच्चा माल या सुरक्षा उपकरण आपूर्ति करने वाले कारखाने का ऑडिट नहीं कर सकेगा। किसी भी कारखाने की लगातार दो बार या पिछले 3 वर्षों में संपरीक्षा करने पर रोक रहेगी। गोपनीय जानकारी लीक करने पर मान्यता रद्द करने, भविष्य की पात्रता समाप्त करने और दीवानी या आपराधिक कार्रवाई का प्रावधान भी है। नियम 12 के तहत दुर्घटना में श्रमिक की मृत्यु होने पर बाह्य संपरीक्षा का निर्देश दिया जा सकेगा, वहीं कुछ परिस्थितियों में मुख्य निरीक्षक-सह-सुविधाप्रदाता लिखित आदेश से छूट दे सकेंगे।
45 दिनों में यहां भेजें सुझाव और आपत्तियां
राजपत्र प्रकाशन की तारीख 26 नवंबर 2026 से 45 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां अवर सचिव, श्रम विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर (जिला रायपुर) तथा श्रमायुक्त, छत्तीसगढ़ शासन, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर (रायपुर, छत्तीसगढ़) को भेजी जा सकती हैं। सुझाव cglc2012@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भी भेजे जा सकते हैं।




