कोरबा 21/11/2026:कोरबा के व्यस्त मेन रोड पर स्थित JB होटल के एक कमरे में जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 18 हजार 800 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद होटल की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों और निगरानी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
Advt

पुलिस के अनुसार, होटल के कमरे में शराब और चखने के साथ जुए का फड़ जमाया गया था। सूचना मिलते ही टीम ने दबिश दी और पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों में संजय कुमार (40, तुलसी नगर रोड), तरुण मिश्रा (42, सीएसईबी), दीपेश जैन (38, अवध नगर निहारिका), सुनील कुमार बतरा (39, तुलसी नगर) और धनराज कुमार (सदर बाजार अमलीडीह, रायपुर) शामिल हैं।
होटल संचालक की भूमिका की जांच
पुलिस का कहना है कि कमरे किराए पर देकर जुआ खेलने की व्यवस्था करने के साथ ही वहां शराब और चखने का इंतजाम भी कराया गया था। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, वहीं होटल संचालक की संलिप्तता को लेकर भी जांच व आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई
जिले में जुए के खिलाफ पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे एक दिन पहले उरगा पुलिस ने पिकनिक की आड़ में जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ा था, जिनमें बाराद्वार के एक एल्डरमैन और एक प्रिंसिपल का नाम सामने आया था।
निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर के होटलों और लॉज में इस तरह के मामले सामने आने के बाद वहां की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ठहरने के नाम पर कमरे उपलब्ध कराकर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिए जाने की आशंकाओं के बीच अन्य होटलों पर भी नजर रखने की मांग उठ रही है।




