रायपुर, 21 नवंबर Income Tax Raid :छत्तीसगढ़ में कोयला, लोहा और सड़क निर्माण से जुड़े बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई में करीब 225 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के शुरुआती सुराग मिले हैं। तीन दिन तक चली इस छापेमारी में लगभग 14 करोड़ रुपये नकद, बड़े पैमाने पर सोने-चांदी के आभूषण और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। विभाग ने करीब 20 करोड़ रुपये के आभूषणों का मूल्यांकन भी किया है।

पांच राज्यों के 50 ठिकानों पर संयुक्त कार्रवाई
डीडीआईटी नवल जैन के नेतृत्व में 120 से ज्यादा अधिकारियों की टीम ने छत्तीसगढ़ के पांच जिलों के साथ-साथ महाराष्ट्र के मुंबई व नागपुर और झारखंड के रांची व जमशेदपुर में एक साथ दबिश दी। कुल 50 ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई में 36 ठिकाने अकेले छत्तीसगढ़ में थे।
दोनों समूहों के 25 बैंक लॉकरों की तलाशी ली गई। आयकर विभाग पिछले तीन महीनों से इनके लेन-देन पर नजर रखे हुए था और पिछले पांच वर्षों के घोषित आयकर व वास्तविक कारोबार के बीच बड़े अंतर के आधार पर यह कदम उठाया गया।
100 गुना कारोबार वृद्धि और 2015-16 के रिकॉर्ड की पड़ताल
प्रारंभिक पड़ताल के अनुसार, बीते 10 वर्षों में दोनों समूहों का कारोबार करीब 100 गुना बढ़ा है। अधिकारी अब इस तेज बढ़ोतरी के अनुरूप घोषित आय और कर भुगतान का मिलान कर रहे हैं। मुख्य रूप से अघोषित आय, निवेश, संपत्तियों और संभावित कर चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2015-16 में भी इन समूहों पर आयकर छापे पड़े थे। ऐसे में मौजूदा जांच में पुराने वित्तीय रिकॉर्ड के साथ-साथ हालिया कारोबार के आंकड़ों का भी विश्लेषण हो रहा है।
डिजिटल डेटा और प्रमुख चेहरों से पूछताछ
छापे के दौरान दफ्तरों से जब्त कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का डेटा बैकअप लिया जा रहा है। आईटी विशेषज्ञ कच्चे और पक्के लेन-देन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान समूह के प्रमोटर व डायरेक्टर रमेश अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, ध्रुव अग्रवाल और राजेश अग्रवाल के साथ पीआरए समूह के प्रमुख प्रहलाद राय अग्रवाल से भी पूछताछ की गई।
फैक्ट्रियों, आईपीओ और 450 करोड़ के रेलवे ठेके पर फोकस
जांच के दायरे में बिलासपुर की महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील, हनुमान हार्डवेयर और मोहदा स्थित फैक्ट्री के अलावा रायगढ़ की सन स्टील व रायगढ़ इस्पात भी शामिल हैं, जहां से अहम दस्तावेज मिले हैं।
इसके साथ ही बर्बरिक समूह की संभावित आईपीओ योजना और पीआरए समूह को मिले लगभग 450 करोड़ रुपये के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके से जुड़े कागजातों की भी जांच चल रही है। विभाग इन परियोजनाओं में हुए निवेश और भुगतान का ब्योरा जुटा रहा है।
सोमवार से फिर खुलेंगे बैंक लॉकर
शुक्रवार को छापेमारी खत्म होने के बाद टीमें लौट गईं। जानकारी के मुताबिक, डेढ़ दर्जन से अधिक बैंक लॉकरों की जांच सोमवार से फिर शुरू होगी। डिजिटल डेटा के विश्लेषण और लॉकरों की तलाशी के बाद अघोषित आय व कर चोरी की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। विभाग की जांच फिलहाल जारी है।




