Latest News
दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आगाज, 1,058 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में युवती गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया खौफनाक साजिश: IVF सेंटर से चोरी होता था ‘ममता’ का डाटा, किराये के अस्पताल में सजती थी नवजातों की मंडी; 100 से अधिक मासूमों के सौदे की आशंका! मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा पर रायपुर में 23 को राज्य स्तरीय कार्यशाला, राज्यपाल करेंगे उद्घाटन व मुख्यमंत्री होंगे समापन में शामिल बीजेपी ओबीसी मोर्चा की नई राष्ट्रीय टीम घोषित, विभिन्न राज्यों के नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी दुर्ग में 15 करोड़ की रंगदारी का अलर्ट: व्हाट्सएप वॉयस नोट से दवा कारोबारी को मिली पूरे परिवार समेत उड़ाने की धमकी
Home » रायपुर » खौफनाक साजिश: IVF सेंटर से चोरी होता था ‘ममता’ का डाटा, किराये के अस्पताल में सजती थी नवजातों की मंडी; 100 से अधिक मासूमों के सौदे की आशंका!

खौफनाक साजिश: IVF सेंटर से चोरी होता था ‘ममता’ का डाटा, किराये के अस्पताल में सजती थी नवजातों की मंडी; 100 से अधिक मासूमों के सौदे की आशंका!

Share:

  • संतान की चाह रखने वालों को बनाया ग्राहक, गरीब मांओं को बंधक बनाकर छीने गए कलेजे के टुकड़े; रायपुर से 8 राज्यों तक फैला काला कारोबार

रायपुर 22/11/2026 Raipur Newborn Trafficking । राजधानी में नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री के एक बेहद खौफनाक और संगठित सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) की तफ्तीश में जो परतें खुली हैं, वे रोंगटे खड़े कर देने वाली हैं। यह पूरा काला कारोबार एक सोची-समझी कॉर्पोरेट रणनीति की तरह चलाया जा रहा था, जिसमें भरोसेमंद चिकित्सा संस्थानों से डाटा चुराकर किराये के अस्पताल में ‘मासूमों की मंडी’ सजाई जाती थी। मामले में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मुख्य केंद्र रहे ‘दिवाकर अस्पताल’ का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।

Advt

IVF सेंटर बने ‘ग्राहक’ ढूंढने का जरिया

SIT की जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि इस गिरोह के तार सीधे IVF सेंटरों से जुड़े थे। संतान सुख की उम्मीद लेकर IVF सेंटर पहुंचने वाले निःसंतान दंपतियों की गोपनीय जानकारी ही इस सौदे की पहली सीढ़ी थी। मामले में गिरफ्तार एक पुरुष नर्स, जो IVF सेंटर में ब्लड सैंपलिंग का काम करता था, पैसों के लालच में इन दंपतियों का डाटा गिरोह को बेचता था। भरोसे के मंदिर माने जाने वाले इलाज केंद्रों से डाटा लीक होने के इस एंगल ने पुलिस के कान खड़े कर दिए हैं, और अब कई IVF सेंटर जांच के रडार पर हैं।

एक लाख रुपये किराये पर लिया था ‘मौत और सौदे’ का अड्डा

इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड महानंद कई निजी अस्पतालों में जनसंपर्क अधिकारी (PRO) रह चुका है। उसने अस्पताल संचालन की आड़ में गोगांव स्थित बसंत विहार की एक संकरी गली में तीन मंजिला मकान में चल रहे ‘दिवाकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल’ को संचालक डॉ. बीआर दिवाकर से एक लाख रुपये मासिक किराये पर लिया था। अस्पताल के बाहर बड़े-बड़े विभागों के बोर्ड तो लगे थे, लेकिन किसी भी डॉक्टर का नाम दर्ज नहीं था। इसी संदिग्ध ठिकाने से बच्चों की डिलीवरी और फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने का गोरखधंधा चल रहा था।

ऐसे खुली पोल: पैसों के बंटवारे ने बिगाड़ा खेल सिंडिकेट की कार्यप्रणाली बेहद क्रूर थी। करीब 20 दिन पहले ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला को रायपुर की कृतिका साहू ने निःशुल्क इलाज और सुरक्षित प्रसव का झांसा देकर रायपुर बुलाया और गीतिका व अहिल्या नाम की महिलाओं से मिलवाया। 4 नवंबर को डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों को अहिल्या के घर में बंधक बना लिया गया। आरोपी मां की सहमति के बिना नवजात का सौदा करने की फिराक में थे, लेकिन रकम के बंटवारे को लेकर आपस में ही विवाद हो गया और यह खौफनाक सच पुलिस के सामने आ गया। प्रारंभिक आशंका है कि इस गिरोह ने वर्ष 2024 से अब तक 100 से अधिक बच्चों का सौदा किया है।

प्रशासन सख्त, 8 राज्यों तक जुड़े हैं तार वेस्ट जोन के ADCP राहुल देव शर्मा के पत्र पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने दिवाकर अस्पताल का लाइसेंस रद्द कर दिया है। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की बात कही है। वहीं, आजाद चौक थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर के नेतृत्व में पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और व्हाट्सएप चैट को खंगाल रही है, क्योंकि इस नेटवर्क के तार छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में फैले होने के सुराग मिले हैं। अब SIT इस बात की तह तक जाने में जुटी है कि कितने दंपतियों का डाटा लीक हुआ और किन-किन जगहों पर फर्जी जन्म प्रमाणपत्रों के जरिए मासूमों को बेचा गया।