Latest News
Home » मनोरंजन » दलेर मेहंदी विवाद: FWICE ने पीएम मोदी और सीएम धामी को लिखा पत्र, उत्तराखंड के मंत्री द्वारा मंच पर फटकार लगाने पर जताई चिंता

दलेर मेहंदी विवाद: FWICE ने पीएम मोदी और सीएम धामी को लिखा पत्र, उत्तराखंड के मंत्री द्वारा मंच पर फटकार लगाने पर जताई चिंता

Share:

नई दिल्ली/देहरादून 23 अक्टूबर 2026: प्रसिद्ध पंजाबी गायक दलेर मेहंदी इन दिनों उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। मंच पर ठीक से गाना न गा पाने के कारण राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें सबके सामने फटकार लगाई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद अब ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज’ (FWICE) ने भी कड़ा रुख अपनाया है। फेडरेशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इस मामले में चिंता जताई है।

FWICE ने पत्र में क्या कहा?

FWICE ने अपने पत्र में दलेर मेहंदी के स्वास्थ्य और उनके साथ हुए सार्वजनिक बर्ताव का विशेष जिक्र किया है। फेडरेशन का कहना है कि सिंगर लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं और हाल ही में उनकी सर्जरी भी हुई है। ऐसे में किसी कलाकार की शारीरिक स्थिति को समझे बिना उस पर टिप्पणी करना और निष्कर्ष निकालना बिल्कुल सही नहीं है।

पत्र में आगे कहा गया है, “हम सार्वजनिक कार्यक्रमों की गरिमा को समझते हैं, लेकिन इस तरह के मामलों को खुलेआम मंच पर डांट-फटकार लगाने के बजाय संवेदनशीलता और समझदारी के साथ सुलझाया जाना चाहिए था।”

दलेर मेहंदी के योगदान को किया याद

फेडरेशन ने संगीत जगत में दलेर मेहंदी के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पीढ़ियों का मनोरंजन किया है और उन्हें वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। इतने वरिष्ठ कलाकार की इस तरह सार्वजनिक बेइज्जती होना बेहद दुखद है। FWICE ने अधिकारियों से अपील की है कि भविष्य में कलाकारों और परफॉर्मर्स के साथ व्यवहार करते समय उनकी परिस्थितियों और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, कलाकारों के साथ सम्मान और पेशेवर तरीके से पेश आने की बात कही गई है।

क्या है पूरा मामला?

बीते रविवार को उत्तराखंड के टिहरी जिले में एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी परफॉर्म करने पहुंचे थे। प्रस्तुति के दौरान उनके ठीक से न गा पाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भड़क उठे और सीधे स्टेज पर पहुंच गए। उन्होंने सिंगर को खरी-खोटी सुनाई और यहां तक आरोप लगाया कि जब वह ठीक से बात नहीं कर पा रहे हैं, तो गा कैसे सकते हैं। मंत्री ने उन पर शराब पीने का भी आरोप लगाया था। इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे और उनके भाई मीका सिंह भी दलेर मेहंदी के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं।

latest news