कोरबा 20 सितंबर Ramdev Pir Utsav :श्री गुजराती समाज, कोरबा द्वारा आगामी 21 सितंबर (सोमवार) को ‘श्री रामदेव पीर उत्सव’ एवं नव-निर्वाचित कार्यसमिति के शपथ-ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन डी.डी.एम. रोड स्थित श्री जलाराम मंदिर परिसर में संपन्न होगा।
Advt

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:00 बजे पंडित उमाशंकर शास्त्री जी (पराशक्ती ज्योतिष पीठम्, निहारिका) के सानिध्य में पूजा-अर्चना एवं स्थापना के साथ होगी। इसके पश्चात सायं 4:00 बजे से 6:30 बजे तक नागपुर के प्रसिद्ध भजन गायक श्री सुमित शर्मा द्वारा मनमोहक भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी। सायं 6:45 बजे महाआरती का आयोजन होगा।
दिग्गज अतिथियों की उपस्थिति में होगा शपथ-ग्रहण
भजन संध्या व आरती के उपरांत आयोजित मुख्य समारोह में गुजराती समाज की नव-निर्वाचित कार्यसमिति का शपथ-ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत करेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम सभापति श्री नूतन सिंह राजपूत एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी उपस्थित रहेंगे।
समारोह के समापन पर रात्रि 8:30 बजे से 10:00 बजे तक महाप्रसाद (भोजन-प्रसाद) का वितरण किया जाएगा।
श्री गुजराती समाज एवं श्री जलाराम सेवा समिति, कोरबा ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं व समाजजनों से सपरिवार नियत समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।








