कोरबा (04 सितम्बर) Diamond Jubilee Celebration । सीएसईबी कोरबा पूर्व स्थित बीकन इंग्लिश मीडियम स्कूल ने अपनी शैक्षणिक यात्रा के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हीरक जयंती (डायमंड जुबली) समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया।

वर्ष 1966 में अमेरिकन मिशनरी रेव्ह. एल.डब्ल्यू. जेक्सन और मटिलदा जेक्सन द्वारा महज 13 छात्र-छात्राओं के साथ शुरू किया गया यह विद्यालय आज केवल कोरबा ही नहीं, बल्कि बिलासपुर संभाग के प्रमुख अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। विद्यालय से शिक्षा प्राप्त विद्यार्थी आज देश-विदेश में उच्च पदों के साथ-साथ प्रशासनिक व विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं।
समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या वाय.ए. नाथन ने की। कार्यक्रम में क्रिश्चियन मेनो. एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष पी.बी. सोना, मुख्य अतिथि डीएसपीएम के मुख्य अभियंता संजीव कंसल तथा विशिष्ट अतिथि अधीक्षण अभियंता अमित फुटाने मंचस्थ रहे।
मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
समारोह के दौरान वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले कक्षा पांचवीं, आठवीं, दसवीं और बारहवीं के छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन ए. खानम, आर. कांत तथा शाला नायक अयान खान ने किया। इस दौरान शिक्षिका पी. तिवारी, आर.आर. साहू, पी. तिग्गा, पी. किंडो, आर.के.पी. नंद, ए. कुमार, एन. साहू, आर. साहू, एस. मोंगरे, वी. मिश्रा, राका निर्मलकर सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर अतिथियों व विद्यालय परिवार ने केक काटकर 60 वर्षों की इस ऐतिहासिक यात्रा का जश्न मनाया और बच्चों में केक वितरित किया गया।
अतिथियों ने दिया मार्गदर्शन
-
मुख्य अतिथि संजीव कंसल (मुख्य अभियंता, डीएसपीएम): विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा में अंक हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन को सही दिशा देने का स्थान है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और निरंतर सीखने की आदत को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्कूली जीवन में सीखी गई छोटी-छोटी बातें ही आगे चलकर व्यक्तित्व और सफलता की मजबूत नींव बनती हैं।
-
विशिष्ट अतिथि अमित फुटाने (अधीक्षण अभियंता): उन्होंने कहा कि स्कूली जीवन की यादें व्यक्ति के जीवन में हमेशा सबसे अनमोल रहती हैं और यही दौर सपनों को आकार देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और सकारात्मक सोच ही विद्यार्थी को समाज और देश का उपयोगी नागरिक बनाती है।
T








