लखनऊ 2 सितंबर Ram Mandir CEO : अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का पहला सीईओ (Chief Executive Officer) नियुक्त किया गया है।

कौन हैं रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा?
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से ताल्लुक रखने वाले रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख रह चुके हैं और इसी वर्ष 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हुए हैं। कारगिल युद्ध और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जितेंद्र मिश्रा को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (SYSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) तथा विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से अलंकृत किया जा चुका है।
अपने 38 वर्षों से अधिक के गौरवशाली सैन्य करियर में उन्होंने भारतीय वायुसेना एवं रक्षा मंत्रालय के कई प्रमुख पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं, जिनमें फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर, ASTE के चीफ टेस्ट पायलट व कमांडेंट, और डिप्टी चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ जैसे प्रतिष्ठित पद शामिल हैं।
क्यों पड़ा बदलाव की जरूरत?
मंदिर में दान से जुड़ी गड़बड़ियों और चोरी के आरोपों के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय तथा अनिल मिश्रा को पद से हटा दिया गया था। इसके बाद मंदिर प्रबंधन को चुस्त-दुरुस्त और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए एक पेशेवर CEO की नियुक्ति का फैसला लिया गया था, जिस पर 2 सितंबर को जितेंद्र मिश्रा के नाम के साथ अंतिम मुहर लग गई।
राम मंदिर ट्रस्ट को मिले 3 नए ट्रस्टी
प्रशासनिक पुनर्गठन की इस कड़ी में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टियों को भी शामिल किया गया है। इनमें विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के रिश्तेदार महेश भागचंदका (दिल्ली), मदन मोहन पांडे (अयोध्या) और निर्मला यादव (शिकोहाबाद) शामिल हैं। उच्चस्तरीय बैठक के बाद इन सभी नियुक्तियों पर सहमति बनी।








