छत्तीसगढ़ मुंगेली Mungeli Fire Incident (27 अगस्त): शहर के दाऊपारा इलाके में देर रात दुबे मोबाइल दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखे मोबाइल फोन, चार्जर और इलेक्ट्रॉनिक एक्सेसरीज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। शुरुआती अनुमान के अनुसार अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुर्घटना का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह की जांच जारी है।

घटना के दौरान दमकल वाहन के देर से पहुंचने पर स्थानीय व्यापारियों और चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कड़ा विरोध जताया। व्यापारियों का कहना है कि शहर में पिछले एक साल में यह तीसरा बड़ा अग्निकांड है, फिर भी आपातकालीन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। संकरे बाजार वाले दाऊपारा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए मांग की गई है कि फायर ब्रिगेड को सिटी कोतवाली या शहर के मध्य में तैनात किया जाए।
हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम और सीएमओ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित व्यापारी को हरसंभव प्रशासनिक सहायता का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग के कारणों व कुल नुकसान के विस्तृत आकलन की जांच कर रहे हैं।








