कोरबा, छत्तीसगढ़ 10 जनवरी: औद्योगिक नगरी कोरबा में भारतीय जनता पार्टी अपने नए और भव्य जिला कार्यालय के निर्माण के साथ संगठन को नई ऊंचाई देने जा रही है। रिसदी मार्ग पर बनने वाले इस नवीन भाजपा कार्यालय का भूमिपूजन आगामी 2 फरवरी को प्रस्तावित है। इस गरिमामयी समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आप पढ़ रहे हैं द खटिया खड़ी न्यूज।
तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंत्री और दिग्गज नेता
कार्यक्रम की भव्यता और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आज प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रफुल्ल तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। मंत्री देवांगन ने मौके पर ही पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की रूपरेखा तय की।
संगठन की मजबूती का प्रतीक बनेगा नया भवन
रिसदी मार्ग पर बनने वाला यह नया कार्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जो जिले के कार्यकर्ताओं के लिए केंद्र बिंदु बनेगा। निरीक्षण के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा:
“कोरबा जिला भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है। नवीन कार्यालय के बन जाने से सांगठनिक गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी। 2 फरवरी का दिन जिले के कार्यकर्ताओं के लिए उत्सव जैसा होगा।”








