सक्ती 22/112026 Sakti road accident: जिले के डभरा थाना क्षेत्र में एक अत्यंत दुखद सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुई, जब रायपुर से डभरा की ओर आ रही तेज रफ्तार मुस्कान बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान हरिशंकर चौहान (40 वर्ष), पिता बंसीधर चौहान, मोहरदास बैरागी (55 वर्ष), पिता बुद्धेश्वर दास बैरागी और शेतकुमार पटेल (62 वर्ष), पिता हरि प्रसाद पटेल के रूप में हुई है। तीनों मृतक ग्राम दर्री के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में गायन करने के लिए निकले थे। वे भक्ति और भजन के कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी में थे, लेकिन छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुए इस भीषण हादसे ने पूरे परिवार और गांव को गहरे शोक में डुबो दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।




