बलौदाबाजार, 20 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत सुकली गांव से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक मां और उसके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष) तथा उनके दो बेटों चिराग दास मानिकपुरी (10 वर्ष) और दिव्यांश मानिकपुरी (5 वर्ष) के रूप में हुई है। गुरुवार देर रात जब परिवार के तीनों सदस्यों के घर में अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली, तो महकमे में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से तीनों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मां और दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। दो मासूम बच्चों और उनकी मां को एक साथ खो देने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की आशंका है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों के खाने में जहरीला पदार्थ मिलाया और उसके बाद खुद भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।





