रोजगार के झांसे में फंसकर पहुंचे थे सोलापुर
रायपुर 20/11/2026 :छत्तीसगढ़ के तीन जिलों के 40 श्रमिक बेहतर रोजगार और आजीविका की तलाश में महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंचे थे, जहां उन्हें बंधक जैसी स्थिति और शोषण का सामना करना पड़ा। मुक्त कराए गए श्रमिकों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं।
बचाव अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिकों को सुरक्षित उनके गृह ग्राम पहुंचाया गया है। सभी 40 श्रमिक 20 नवंबर 2026 को बचाव दल के साथ वापस लौट आए हैं।
मजदूरी के बदले मिला शोषण और दुर्व्यवहार

यह मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम पंचायत उलखर से जुड़ा है। यहां के एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने नियमित मजदूरी, भोजन, आवास और बीमारी में इलाज का भरोसा देकर श्रमिकों को गन्ना कटाई व ट्रक लोडिंग के काम के लिए महाराष्ट्र ले जाया था।
शिकायत में सामने आया कि सोलापुर में श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाता था, लेकिन साप्ताहिक मजदूरी नहीं दी जा रही थी। इसके साथ ही पर्याप्त राशन न मिलने, बीमार होने पर भी काम कराने, मारपीट और दुर्व्यवहार की बातें भी बताई गईं। पीड़ित श्रमिक ने अपने परिवार के 16 सदस्यों को बकाया मजदूरी के साथ सुरक्षित वापस लाने की मांग की थी।
कलेक्टर के निर्देश पर महाराष्ट्र भेजी गई संयुक्त टीम
श्रमिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई, जिसमें श्रम निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षक शामिल थे।
टीम ने सोलापुर पहुंचकर स्थिति की जांच की, जिसमें बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया और उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की गई।
सुरक्षित घर वापसी से परिवारों में खुशी, प्रशासन की अपील
सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के श्रमिकों के साथ जांजगीर-चांपा और सक्ती के श्रमिकों के सुरक्षित लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और जिला प्रशासन का आभार जताया।
जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि दूसरे राज्यों में काम पर जाने से पहले ठेकेदार, बिचौलिए और कार्यस्थल की पूरी जानकारी लें, प्रलोभनों से बचें तथा श्रम विभाग में पंजीयन कराएं। प्रशासन ने यह भी कहा है कि मजदूरी न मिलने, शोषण या बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति में तुरंत श्रम विभाग या पुलिस को सूचना दें।




