बीजापुर (छत्तीसगढ़) Pillur Police Station: माओवाद के खात्मे के बाद लंबे समय तक दुर्गम रहे नेशनल पार्क क्षेत्र में शासन-प्रशासन की पहुँच और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ग्राम पील्लूर में नवीन थाने का शुभारंभ किया गया है। बस्तर रेंज जगदलपुर के पुलिस महानिरीक्षक (IG) बद्रीनारायण मीणा ने इस नए थाने की शुरुआत की। यह थाना जिला बीजापुर का 24वाँ थाना है।

15 गाँव शामिल, हनीफ खान बने पहले थाना प्रभारी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय बीजापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवगठित पील्लूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुल 15 गाँवों को शामिल किया गया है। नए थाने के सुचारू संचालन और कानून-व्यवस्था संभालने के लिए उप निरीक्षक हनीफ खान को थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
ग्रामीणों को राहत और विकास कार्यों को मिलेगी गति
नेशनल पार्क क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को अब अपनी शिकायतें दर्ज कराने या पुलिस संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर पुलिस की मौजूदगी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी, ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी और बुनियादी विकास कार्यों को भी रफ्तार मिल सकेगी।
शुभारंभ समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
नवीन थाना पील्लूर के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पुलिस व सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। इस दौरान प्रमुख रूप से निम्नलिखित गणमान्य उपस्थित रहे:
-
जनप्रतिनिधि: जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य तिमेड़ श्रीमती कविता कुड़ेम, जनपद पंचायत अध्यक्ष भोपालपटनम् श्रीमती सरिता कोरसा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भोपालपटनम् गणपत नीलम, जनपद सदस्य दिनेश मड़े, सरपंच बड़े काकलेर तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि।
-
पुलिस, प्रशासन एवं सुरक्षा बल के अधिकारी: पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर बद्रीनारायण मीणा, उप महानिरीक्षक केरिपु बी.एस. नेगी, पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता, कमांडेंट 214 वाहिनी केरिपु मनीश शर्मा, कमांडेंट 22 वाहिनी केरिपु रणदीप सिंह, डिप्टी डायरेक्टर इन्द्रावती टाइगर रिजर्व सुदेश सुरवाड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा, एसडीओपी भोपालपटनम् सिद्धार्थ चौहान और एसडीओपी फरसेगढ़ अमन लखीसरानी।




