रायपुर 17/11/2026 PM SVANidhi Scheme: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा घोषित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य सहित प्रदेश के तीन नगरीय निकायों—बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन किया गया है। आगामी 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में ये चारों पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने जानकारी दी कि केंद्रीय मंत्रालय से इस संबंध में आधिकारिक पत्र प्राप्त हो चुका है। समारोह में पुरस्कार ग्रहण करने के लिए भारत सरकार ने राज्य शासन और चयनित निकायों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को नई दिल्ली आमंत्रित किया है।
इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव ने चयनित निकायों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना से मिला यह प्रोत्साहन प्रदेश के निकायों को स्ट्रीट वेंडर्स के जीवन स्तर में सुधार के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।




