Latest News
पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का परचम: राज्य समेत तीन निकायों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान KORBA: छत्तीसगढ़ का इकलौता कनबेरी गौ धाम, जहां होती है बेसहारा व बीमार गोवंश की सेवा; 17 नवंबर को गोपाष्टमी पर जुटेंगे डिप्टी सीएम अरुण साव व दिग्गज नेता रायपुर की बेटी का कमाल: गोवा वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रियंका साहू ने जीता स्वर्ण पदक महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक: करंट का तार काटकर और कंबलों के सहारे भागे 4 विचाराधीन कैदी कुनकुरी छठ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सपत्नीक उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, प्रदेश की खुशहाली की कामना की छत्तीसगढ़ के गौरव: कोरबा के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के सी देबनाथ को मिला प्रतिष्ठित ‘लीजेंड इन मेडिसिन’ सम्मान
Home » Uncategorized » कुनकुरी छठ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सपत्नीक उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, प्रदेश की खुशहाली की कामना की

कुनकुरी छठ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सपत्नीक उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, प्रदेश की खुशहाली की कामना की

Share:

रायपुर/जशपुर 16/11/2026 Chhath Puja 2026 : लोक आस्था, शुद्धता और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हो गया। इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय सोमवार तड़के अपने गृहजिला जशपुर के कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पूरे विधि-विधान के साथ उगते हुए सूर्य देव को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित कर छठ मैया की आराधना की और समस्त छत्तीसगढ़वासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।

प्रकृति और जल के प्रति कृतज्ञता का पर्व है छठ

छठ घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था, गहरी श्रद्धा और समर्पण का एक अनुपम पर्व है। उन्होंने इस पर्व के आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह महापर्व हमें जीवनदायिनी प्रकृति, जल स्रोतों और ऊर्जा के केंद्र भगवान सूर्यदेव के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

गृह क्षेत्र में शामिल होना सौभाग्य की बात

अपने गृह विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी के लोगों के उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ पर्व को लेकर लोगों में गहरी आस्था और अटूट श्रद्धा है। अपने ही क्षेत्र और अपनों के बीच इस पावन अनुष्ठान में शामिल होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और गौरव की बात है। घाट पर सुबह से ही छठ मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

प्रशासनिक अमला और बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के आगमन और महापर्व को लेकर छठ घाट पर सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष इंतजाम किए गए थे। इस भक्तिमय अवसर पर जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।