Jammu kashmir 15/11/2026: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। किश्तवाड़ से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विधायक शगुन परिहार ने शहीद एसपीओ (SPO) रशपाल सिंह और बॉबी चंद के पार्थिव शरीरों को बिना ताबूत के एक डंपर ट्रक में उनके पैतृक गांव ले जाए जाने पर तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विधायक भावुक नजर आ रही हैं और इस अमानवीय बर्ताव के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की कड़ी आलोचना कर रही हैं।

क्या है पूरा मामला?
बीते 11 नवंबर की दोपहर मरवाह के देहरना जंगल में गोलीबारी की आवाजें सुनने के बाद दोनों एसपीओ लापता हो गए थे। इसके बाद गुरुवार सुबह चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों के गोलियों से छलनी शव बरामद हुए। हालांकि, घटनास्थल से उनकी इंसास और 303 राइफलें तथा कारतूस गायब मिले।
शुक्रवार को दच्छन इलाके के केयार गांव में दोनों अधिकारियों का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें विधायक शगुन परिहार और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने शामिल होकर पुष्पांजलि अर्पित की।
“क्या यही है हमारे जवानों की वैल्यू?” – शगुन परिहार
वायरल वीडियो में शगुन परिहार बेहद गुस्से और दर्द में नजर आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी जिस तरह से शहीद जवानों के शवों को डंपर में लाया गया, वैसा तो 90 के दशक के दौर में भी नहीं हुआ था।
उन्होंने कहा कि जब तक दिल्ली के दरवाजे नहीं खटखटाए गए, तब तक कोई सुध लेने नहीं आया। उन्होंने सवाल किया कि आतंकवादियों से मुकाबला करने वाले हमारे वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति इस तरह की संवेदनहीनता क्यों बरती जा रही है।
कुलगाम में भी सुरक्षा बलों का कड़ा एक्शन
दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हाल ही में सीआरपीएफ (CRPF) के तीन जवानों के घायल होने के बाद सुरक्षा बलों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने पिछले तीन दिनों के भीतर आतंकी हमले की कड़ी में पूछताछ के लिए 500 से अधिक संदिग्ध युवाओं को हिरासत में लिया है और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है।




